14 नवंबर को CM योगी का हापुड़ दौरा, घाट से हेलीपैड तक होगा कड़ा पहरा; पुलिस लाइन में बना सेफ हाउस
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 14 नवंबर को हापुड़ दौरे के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा योजना बनाई है। 250 पुलिसकर्मी ...और पढ़ें

14 नवंबर को सीएम योगी आएंगी हापुड़। फोटो: आर्काइव
HighLights
मुख्यमंत्री योगी के हापुड़ दौरे की सुरक्षा योजना तैयार।
250 पुलिसकर्मी हेलीपैड से घाट तक सुरक्षा संभालेंगे।
बम निरोधक दस्ता, डाग स्क्वाड और एसडीआरएफ भी तैनात।
केशव त्यागी, हापुड़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 14 नवंबर को प्रस्तावित दौरे को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा का जिम्मा करीब 250 पुलिसकर्मियों के कंधों पर होगा।
हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल, घाट और मंच तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था ऐसी होगी कि बिना अनुमति परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा।
चप्पे-चप्पे पर पुलिस की निगरानी रहेगी और हर महत्वपूर्ण स्थान पर जिम्मेदार अधिकारियों की तैनाती की जाएगी।
घाट और मंच पर एएसपी संभालेंगे सुरक्षा की कमान
मुख्यमंत्री के आगमन से पहले ही सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो जाएंगी। पानी में सुरक्षा की जिम्मेदारी एसडीआरएफ की टीम संभालेगी। घाट पर सुरक्षा व्यवस्था की कमान एक अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के हाथों में होगी।
उनके साथ दो क्षेत्राधिकारी (सीओ) भी तैनात रहेंगे। यह टीम घाट और मंच के आसपास सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेगी। मुख्यमंत्री पहले स्नान करेंगे। जिसके बाद अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक लेंगे।
हेलीपैड से 400 मीटर पहले लगेगा बैरियर
मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के उतरने वाले स्थान को सुरक्षा के लिहाज से विशेष घेरे में रखा जाएगा। हेलीपैड से करीब 400 मीटर की दूरी पर बैरियर लगाए जाएंगे। यहां से वाहनों की आवाजाही रोक दी जाएगी।
केवल अधिकृत और अनुमति प्राप्त लोगों को ही निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे जाने दिया जाएगा। हेलीपैड और मुख्यमंत्री के आवागमन वाले मार्ग की सुरक्षा के लिए अलग से एक एएसपी और दो सीओ की तैनाती होगी।
वहीं, पूरे सुरक्षा इंतजामों की जमीनी स्तर पर निगरानी के लिए एक सीओ को फील्ड प्रभारी बनाया जाएगा।
यह अधिकारी अलग-अलग स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों के बीच समन्वय स्थापित करने के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे। मंच पर भी केवल पास और अनुमति प्राप्त लोगों को ही प्रवेश दिया जाएगा।
पुलिस लाइन में बनाया सेफ हाउस
एसपी मधुवन कुमार सिंह ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस लाइन में सेफ हाउस तैयार किया गया है। इसकी जिम्मेदारी एक सीओ को सौंपी जाएगी।
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सेफ हाउस की व्यवस्था और उससे संबंधित सुरक्षा इंतजामों की निगरानी संबंधित अधिकारी करेंगे।
पुलिस का पूरा जोर इस बात पर रहेगा कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो। इसके लिए सुरक्षा ड्यूटी में लगाए जाने वाले पुलिसकर्मियों को उनकी जिम्मेदारियों के अनुसार तैनात किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- हापुड़ में कल से आस्था का महापर्व, नहाय-खाय से होगी छठ की शुरुआत; जानिए अर्घ्य और पारण का शुभ समय