हापुड़ में कल से आस्था का महापर्व, नहाय-खाय से होगी छठ की शुरुआत; जानिए अर्घ्य और पारण का शुभ समय
हापुड़ में चार दिवसीय छठ महापर्व शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू होगा, जिसका समापन 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
हापुड़ में छठ महापर्व शुक्रवार से नहाय-खाय के साथ शुरू।
16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा समापन।
परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना।
संवाद सहयोगी, हापुड़। लोकआस्था, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक चार दिवसीय छठ महापर्व कल यानी शुक्रवार से शुरू होगा। कार्तिक शुक्ल पक्ष में मनाए जाने वाले इस पर्व पर श्रद्धालु भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और आरोग्य की कामना करेंगे। पर्व का समापन 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा।
वैदिक सनातन ज्योतिष कर्मकांड महासभा ट्रस्ट के अध्यक्ष ज्योतिर्विद पंडित सुबोध पांडेय ने बताया कि महापर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय से होगी। इस दिन व्रती स्नान के बाद अरवा चावल, लौकी और चने की दाल का सात्विक भोजन ग्रहण करेंगे।
शनिवार को मनाया जाएगा खरना
शनिवार को खरना मनाया जाएगा। श्रद्धालु दिनभर उपवास रखकर शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार करेंगे। भोग लगाने के बाद इसे स्वयं ग्रहण करने के साथ स्वजन एवं परिचितों में वितरित किया जाएगा।
रविवार को व्रती निर्जला उपवास रखेंगे। शाम करीब के समय जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके बाद रात्रि जागरण के दौरान भजन-कीर्तन होगा।
-1794471276530.webp)
पंडित सुबोध पांडेय
सोमवार को उदयगामी सूर्य को देंगे अर्घ्य
सोमवार को सुबह तड़के उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य दिया जाएगा। हवन और प्रसाद वितरण के बाद व्रत का पारण होगा। छठ पूजा में सूर्यदेव के साथ उनकी बहन छठी मैया की आराधना का विशेष विधान है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठी मैया संतान की रक्षा और परिवार के कल्याण की अधिष्ठात्री देवी हैं।
सूर्योपासना से आरोग्य, ऊर्जा और समृद्धि की कामना की जाती है। पर्व के दौरान ठेकुआ, फल, नारियल, गन्ना, सिंघाड़ा, शकरकंदी और चावल के लड्डू समेत विभिन्न सामग्रियों से पूजा की जाती है। छठ व्रत में स्वच्छता, पवित्रता और सात्विकता का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।