योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से अरुंधति को मिला नया जीवन, बड़ा भाई मानकर भेजा शादी का न्योता
केरल की अरुंधति को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक वीडियो से जीवन का नया दृष्टिकोण मिला, जिससे उन्होंने भावुकता को कमजोरी नहीं, बल्कि साहस माना।

केरल की अरुंधति और सीएम योगी की की फाइल फोटो।
HighLights
केरल की अरुंधति को योगी आदित्यनाथ से मिली प्रेरणा।
भावुकता को कमजोरी नहीं, साहस माना अरुंधति ने।
योगी आदित्यनाथ को शादी में आने का भेजा निमंत्रण।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। छोटी-छोटी बातों पर आंसू आने के कारण खुद को कमजोर समझने वाली केरल की अरुंधति को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक वीडियो से जिंदगी को देखने का नया नजरिया मिला।
उन्होंने सीखा कि भावुक होना कमजोरी नहीं, बल्कि अपनी भावनाओं को स्वीकार करने का साहस है। अब उन्होंने अपने विवाह में शामिल होने का आग्रह करते हुए मुख्यमंत्री को हाथ से लिखा दो पेज का पत्र भेजा है।
योगी का वीडियो देख बढ़ा आत्मविश्वास
अरुंधति ने पत्र में लिखा है कि बचपन में उनके दोस्त कहते थे कि मजबूत बनने के लिए भावनाओं पर काबू रखना जरूरी है। इससे वह सोचने लगी थीं कि क्या आसानी से रो पड़ने वाला व्यक्ति मजबूत नहीं हो सकता। इसी दौरान उनके चचेरे भाई ने उन्हें योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो दिखाया।
इससे उन्हें समझ आया कि भावुक होते हुए भी मजबूत बना जा सकता है। इस सीख से उनका आत्मविश्वास बढ़ा। अब उनके लिए मजबूत होने का अर्थ भावनाओं को छिपाना नहीं, बल्कि मुश्किलों का सामना करना, गिरकर दोबारा उठना और अपनी जिम्मेदारियां निभाना है।
उन्होंने पत्र में लिखा, 'जब भी मैं खुद पर संदेह करती हूं, आपसे मुझे आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।' अरुंधति ने पत्र में लिखा है कि उनका विवाह 20 दिसंबर 2026 को राहुल के साथ केरल के अलुवा स्थित ग्रीन पार्क कन्वेंशन सेंटर में होगा।
योगी आदित्यनाथ को बड़ा भाई बताते हुए विवाह समारोह में शामिल होकर आशीर्वाद देने का आग्रह किया है। उन्होंने पत्र में यह भी लिखा है कि यदि उनका समारोह में आना संभव न हो, तो उनका शुभकामना संदेश और आशीर्वाद भी उनके लिए अनमोल होगा।
