विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीएम योगी आदित्यनाथ का सपा सरकार पर बड़ा हमला, बोले-नौकरी में सेंध लगाता था सैफई का सिंडिकेट

Published: Sat, 17 Oct 2026 07:40 PM (IST)

CM Yogi Adityanath: मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ खंड की शिक्षक व स्नातक विधान परिषद सीटों का विशेष महत्व है। ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

HighLights

  1. लखनऊ में शिक्षक-स्नातक मतदाता सम्मेलन में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

  2. साढ़े नौ वर्ष में डबल इंजन की सरकार ने 9.5 लाख युवाओं को दी सरकारी नौकरी


  3. सीएम का आरोप-सपा सरकार में शिक्षा व्यवस्था बदहाल, भाजपा ने युवाओं को दिया सम्मान

  4. भाजपा सरकार में शिक्षकों को पांच लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार और सामाजिक सुरक्षा

जागरण संवाददाता, लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को वृंदावन योजना के डिफेंस एक्सपो मैदान में आयोजित शिक्षक-स्नातक मतदाता सम्मेलन में समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार में शिक्षा व्यवस्था की अनदेखी, भर्ती में पक्षपात और शिक्षकों का अपमान होता था।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा सरकार ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं की प्रतिभा को सम्मान दिया है। सरकार ने पिछले साढ़े नौ वर्षों में 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ खंड की शिक्षक व स्नातक विधान परिषद सीटों का विशेष महत्व है। पहले इन सीटों को राजनीतिक प्रभाव के नजरिये से देखा जाता था। उन्होंने रायबरेली में एम्स और लखीमपुर खीरी, अमेठी, हरदोई, प्रतापगढ़ व सुल्तानपुर में मेडिकल कालेजों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश के विकास को गति मिली है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा सरकार के समय सरकारी भर्तियों में अनियमितताएं होती थीं और योग्य अभ्यर्थियों के साथ अन्याय किया जाता था। सपा सरकार में नौकरियों में सेंध लगाने का काम सैफई सिंडिकेट करता था। भाजपा सरकार में भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष बनाई गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निजी क्षेत्र में निवेश के जरिये लाखों युवाओं को रोजगार मिला है। बेहतर कानून-व्यवस्था और निवेश के अनुकूल माहौल से उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। युवाओं की प्रतिभा के सम्मान का ही नतीजा है कि प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या बढ़कर 24 हजार से अधिक हुई है।

शिक्षकों को पांच लाख तक कैशलेस उपचार

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों तथा उनके परिवारों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने सरकारी, सहायता प्राप्त संस्थानों के शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के लिए सामाजिक सुरक्षा व बीमा कवर का भी उल्लेख किया। इसके तहत, संबंधित परिस्थितियों में बीमा के माध्यम से 40 लाख रुपये से लेकर डेढ़ करोड़ रुपये तक की सहायता का प्राविधान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने निजी कालेजों और संस्कृत महाविद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी काम किया है। युवाओं को डिजिटल संसाधनों से जोड़ने के लिए टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य दो करोड़ युवाओं तक इन उपकरणों को पहुंचाना है।

23 अक्टूबर को मतदान की अपील

योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उमेश द्विवेदी के समर्थन में मतदान की अपील की। सम्मेलन में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, मंत्री डा मनोज पांडेय, दिनेश प्रताप सिंह समेत अन्य मंत्री उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- CM योगी आदित्यनाथ की बड़ी घोषणा, महानवमी पर 19 को UP में रहेगा अवकाश; लगातार तीन दिन छुट्टी

यह भी पढ़ें- विकसित भारत का केस नंबर 2047, 140 करोड़ देशवासी याची और युवा अधिवक्ता : योगी आदित्यनाथ