योगी आदित्यनाथ के मंत्री अनिल राजभर की सीट पर SBSP की दावेदरी, भाजपा को दिया 33 सीट का प्रस्ताव
SBSP and BJP in UP: सपा गठबंधन में रहते हुए सुभासपा ने पिछले चुनाव में अपने सिंबल पर 17 प्रत्याशी उतारे थे, जिनमें से छह ने जीत दर्ज की थी।

ओम प्रकाश राजभर और डॉ. अरविंद राजभर
HighLights
सुभासपा ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन को दी दावेदारी वाली सीटों की सूची
भाजपा के कब्जे वाली नौ और निषाद पार्टी के कब्जे वाली दो सीटें भी मांगी
हेमंत श्रीवास्तव, लखनऊ : उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राजनीतिक दल गठबंधन में अपनी पसंद की सीटें हासिल करने की कोशिश में जुट गए हैं। राजग के सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने भाजपा के राष्ट्रीय और प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात कर 33 सीटों की मांग की है।
मंत्री ओम प्रकाश राजभर की पार्टी ने भाजपा के राष्ट्रीय और प्रदेश अध्यक्ष को सूची भी सौंपी है। पार्टी की सूची में भाजपा के कब्जे वाली नौ और सहयोगी निषाद पार्टी के कब्जे वाली दो सीटें भी शामिल हैं। प्रदेश सरकार में मंत्री अनिल राजभर की शिवपुर सीट पर दावेदारी कर पार्टी ने चौंकाने का काम किया है।
सुभासपा अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से मिलकर पार्टी की दावेदारी वाली 33 सीटों की सूची सौंपी है। वहीं, पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अरविंद राजभर ने शुक्रवार को दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात कर यह सूची दी।
सीट बंटवारे को लेकर राजग की आगामी बैठक
सीट बंटवारे को लेकर राजग की आगामी बैठकों में सुभासपा इस सूची के आधार पर अपनी दावेदारी पेश करेगी। सपा गठबंधन में रहते हुए पिछले चुनाव में पार्टी ने अपने सिंबल पर 17 प्रत्याशी उतारे थे, जिनमें से छह ने जीत दर्ज की थी। आजमगढ़ जिले की मेहनगर सीट भी पार्टी को मिली थी, लेकिन सपा ने यहां के प्रत्याशी को अपना सिंबल दे दिया। इस बार 33 सीटों पर दावेदारी के साथ पार्टी पिछले चुनाव के मुकाबले 16 अधिक सीटों पर प्रत्याशी उतारने की तैयारी में है।
शिवपुर सीट पर अनिल राजभर विधायक
वाराणसी जिले की शिवपुर सीट पर दावा खास तौर पर ध्यान खींच रहा है, मौजूदा समय में इस सीट से मंत्री अनिल राजभर विधायक हैं। इस सीट से पिछले विधान सभा चुनाव में सुभासपा ने डॉ. अरविंद राजभर को उतारा था। वह करीब 27 हजार मतों से चुनाव हार गए थे।
सुभासपा की सूची में गाजीपुर जिले की जहूराबाद और जखनिया, जौनपुर की जफराबाद और केराकत, वाराणसी की अजगरा और शिवपुर, चंदौली की सकलडीहा, आजमगढ़ की अतरौलिया, दीदारगंज और मेहनगर, मऊ सदर और घोसी, बलिया की बेल्थरा रोड, रसड़ा और सिकंदरपुर, अंबेडकरनगर की अकबरपुर, सुल्तानपुर की इसौली, बस्ती की महादेवा और रूधौली, महाराजगंज की फरेंदा, कुशीनगर की रामकोला और खड्डा, देवरिया की रामपुर कारखाना, संतकबीरनगर की घनघटा, बाराबंकी की रामनगर, हरदोई की संडीला, बलरामपुर की उतरौला, बहराइच की बलहा, सिद्धार्थनगर की डुमरियागंज और इटवा, मीरजापुर की मझवा, सीतापुर की महोली तथा मुरादाबाद जिले की मुरादाबाद ग्रामीण सीट शामिल हैं।
