सीएम योगी आदित्यनाथ आज 4543 उपनिरीक्षकों को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र, लखनऊ में कार्यक्रम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज लखनऊ में 4543 उपनिरीक्षकों और समकक्ष पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।

सीएम योगी। (तस्वीर- फाइल)
HighLights
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 4543 उपनिरीक्षकों को नियुक्ति पत्र देंगे।
लखनऊ में पुलिस लाइन में होगा वितरण समारोह।
नागरिक पुलिस, पीएसी, एसएसएफ में नए उपनिरीक्षक शामिल।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 में चयनित 4543 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।
पुलिस लाइन लखनऊ में सुबह 11 बजे नियुक्ति पत्र वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस भर्ती के माध्यम से उत्तर प्रदेश पुलिस को बड़ी संख्या में नए उपनिरीक्षक मिलेंगे।
भर्ती में नागरिक पुलिस के 4242 उपनिरीक्षक, पीएसी के 135 प्लाटून कमांडर, विशेष सुरक्षा बल (एसएसएफ) के 60 प्लाटून कमांडर तथा महिला बटालियनों के लिए 106 महिला उपनिरीक्षकों का चयन किया गया है। इनमें नागरिक पुलिस के 3394 पुरुष और 848 महिला उपनिरीक्षक शामिल हैं।
उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने 12 अगस्त, 2025 को कुल 4543 पदों के लिए भर्ती विज्ञापन जारी किया था। इसके लिए 15,75,760 अभ्यर्थियों ने आनलाइन आवेदन किया था। लिखित परीक्षा 14 व 15 मार्च, 2026 को आयोजित की गई थी, जिसमें रिक्त पदों के सापेक्ष 2.7 गुना अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था।
इसके बाद 15 से 17 जून तक अभिलेखों की समीक्षा और शारीरिक मानक परीक्षण तथा 29 जून से चार जुलाई तक शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की गई थी। भर्ती बोर्ड ने इस वर्ष 14 जुलाई को अंतिम चयन परिणाम घोषित किया था।
इस भर्ती में नवगठित विशेष सुरक्षा बल के लिए 60 उपनिरीक्षकों के साथ 1,341 आरक्षियों तथा तीन महिला बटालियनों के लिए 106 महिला उपनिरीक्षकों और 2,282 महिला आरक्षियों का भी चयन किया गया है।
यह भी पढ़ें- दीपावली से पहले बुरे हुए देहरादून के हालात, चार दिन से लगातार 100 से ऊपर दून का AQI