विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में अब बारिश से नुकसान का 24 घंटे में होगा आकलन, पीड़ितों के मुआवजे को लेकर CM योगी ने दिए सख्त निर्देश

Published: Sat, 10 Oct 2026 10:43 PM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बारिश और अतिवृष्टि से हुई जनहानि, पशुहानि व फसल हानि का आकलन 24 घंटे में कर प्रभावितों को क्षतिपूर्ति देने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

HighLights

  1. बारिश से हुए नुकसान का आकलन 24 घंटे में पूरा करें।

  2. प्रभावित परिवारों को तत्काल क्षतिपूर्ति प्रदान करने के निर्देश।

  3. जलभराव वाले क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित बाहर निकालें।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बारिश व अतिवृष्टि से हुई जनहानि, पशुहानि और फसल हानि का आकलन 24 घंटे के अंदर पूरा करते हुए प्रभावित परिवारों को क्षतिपूर्ति देने के निर्देश दिए हैं।

इसके साथ ही जलभराव वाले इलाकों से पानी निकालने और वहां फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए अधिकारियों को तत्परता से जुटने को कहा है। यह काम भी 24 घंटे के अंदर पूरा करने निर्देश दिए हैं। इन क्षेत्रों में राहत व बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाकर प्रभावित क्षेत्रों से पानी निकालने के लिए समयबद्ध कार्रवाई करने के लिए कहा है।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों के साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करते हुए मौके पर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में बारिश और अतिवृष्टि से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए त्वरित कार्रवाई की जाए। बारिश से हुए नुकसान का आकलन पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ की जाए। सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है।

आवेदन पर होगी तुरंत कार्रवाई 

मुख्यमंत्री ने सितंबर से अब तक चक्रवाती तूफान, तेज आंधी तथा अतिवृष्टि से भारी संख्या में पेड़ों के उखड़ने की घटनाओं का भी संज्ञान लिया है। जिलाधिकारियों और प्रभागीय वनाधिकारियों को निर्देशित किया है कि गिरे पेड़ों का निस्तारण तत्काल करें। इसके साथ ही किसानों द्वारा अपनी भूमि अथवा खेतों में गिरे हुए पेड़ों को हटाने व निस्तारित करने के लिए दिए गए आवेदन पर अविलंब कार्रवाई की जाए।

यह भी पढ़ें- एशियन गेम्स में पदक जीतने वाले रोहित यादव पर हुई धनवर्षा, 70 लाख के साथ सरकारी नौकरी भी देगी योगी सरकार

इस कार्य में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने किसानों को लकड़ी के परिवहन व निस्तारण के लिए नियमानुसार अभिवहन अनुज्ञा पत्र जारी करने तथा सड़कों व सार्वजनिक मार्गों पर गिरे पेड़ों को हटाकर यातायात सुचारू रखने के लिए निर्देशित किया है।