विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर प्रदेश सरकार का महिलाओं और किसानों को बड़ा तोहफा, मुख्यमंत्री योगी ने की बड़े आर्थिक पैकेज की घोषणा

Published: Tue, 03 Nov 2026 11:05 PM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में महिलाओं और किसानों के लिए बड़े आर्थिक पैकेज की घोषणा की है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. महिलाओं और किसानों के लिए विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा।

  2. उज्ज्वला योजना के तहत 1.89 करोड़ परिवारों को सब्सिडी मिली।

  3. मंडियों और श्रमिक अड्डों पर अन्नपूर्णा भोजनालय शुरू होंगे।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच सरकार का फोकस महिलाओं और किसानों पर और बढ़ने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को दोनों वर्गों के लिए विशेष पैकेज लाने की घोषणा की।

कहा कि किसानों की फसल क्षति की भरपाई और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से इन पैकेजों की कार्ययोजना बन रही है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत प्रदेश के 1.89 करोड़ लाभार्थी परिवारों के बैंक खातों में 1500 करोड़ रुपये की सब्सिडी भी हस्तांतरित की।

किसानों को मुआवजा दे रही सरकार

लोकभवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि अल नीनो, जलवायु परिवर्तन, अतिवृष्टि, अनावृष्टि और ओलावृष्टि से किसानों की फसल को नुकसान हुआ है। सरकार मुआवजा दे रही है, इसके बावजूद तीन करोड़ किसान परिवारों के लिए विशेष आर्थिक पैकेज लाया जाएगा। आधी आबादी को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के लिए भी बड़ा पैकेज तैयार होगा। इसका उद्देश्य महिलाओं को उनके पैरों पर खड़ा करने के साथ उनके बच्चों को अच्छी शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले रसोई गैस कनेक्शन लेने के लिए 25 से 50 हजार रुपये तक घूस देनी पड़ती थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक मई 2016 को बलिया से उज्ज्वला योजना शुरू कर इस स्थिति को बदला। अब देश की 140 करोड़ आबादी में से 46 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठकर खुशहाल जीवन जी रहे हैं।

सपा सरकार का नाम लिए बगैर कहा कि वर्ष 2017 से पहले पर्व और त्योहारों पर उपद्रव, दंगे और कर्फ्यू लगता था। बेटियां और व्यापारी असुरक्षित थे। बाजार वीरान रहते थे। अब सुरक्षा का बेहतर वातावरण बना है। महिलाएं रात्रि पाली में भी काम कर रही हैं।

श्रमिकों को टोकन मनी पर भरपेट भोजन

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सरकार मंडी समितियों और श्रमिक अड्डों पर अन्नपूर्णा भोजनालय शुरू करेगी। इससे दूर-दराज से उपज लेकर मंडी आने वाले किसानों और निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों को टोकन मनी पर भरपेट भोजन मिल सकेगा।

श्रमिकों के बच्चों को अटल आवासीय विद्यालयों में निश्शुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, रसोइयों, गांव के चौकीदारों और पीआरडी जवानों के मानदेय में वृद्धि की गई है। उचित दर विक्रेताओं का लाभांश बढ़ाने के साथ राशन की दुकानों को अन्नपूर्णा भवन के रूप में विकसित किया जा रहा है।

महिलाओं को स्वावलंबी बनाने का प्रयास

लखपति दीदी और बीसी सखी जैसे कार्यक्रमों के जरिए भी महिलाओं को स्वावलंबी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शांति, स्वाती शर्मा, तबस्सुम जैदी, आशा गुप्ता, किरण, सबा, बबली रावत, कुसमा, मानसी और राबिया बानो को प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय, राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा, महापौर सुषमा खर्कवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश में अब घर खरीदने का सपना होगा पूरा, 8 जिलों में 17 रियल एस्टेट परियोजनाओं को मिली मंजूरी

यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश में 6 महीने में 27 लाख से अधिक PF दावों का निपटारा, 7344 करोड़ का भुगतान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।