उत्तर प्रदेश में अब घर खरीदने का सपना होगा पूरा, 8 जिलों में 17 रियल एस्टेट परियोजनाओं को मिली मंजूरी
यूपी रेरा ने उत्तर प्रदेश के आठ जिलों में 17 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को स्वीकृति दी है। इन परियोजनाओं ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
17 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को यूपी रेरा ने मंजूरी दी।
₹4844.43 करोड़ का निवेश, 5726 इकाइयां बनेंगी।
लखनऊ सहित आठ जिलों में आवासीय-व्यावसायिक विकास।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने लखनऊ की छह सहित प्रदेश के आठ जिलों में प्रस्तावित 17 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को स्वीकृत किया है। इनसे 4844.43 करोड़ का निवेश और 5726 आवासीय व व्यावसायिक इकाइयों का निर्माण किया जाएगा। इससे विभिन्न शहरों में आवासीय सुविधाओं के साथ व्यावसायिक विकास को विस्तार मिलेगा।
यूपी रेरा मुख्यालय में प्राधिकरण की 217वीं, 218वीं व 219वीं अथॉरिटी बैठकें यूपी रेरा अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी की अध्यक्षता में हुई। जिलों से मिले परियोजना प्रस्तावों का परीक्षण व चर्चा करके प्राधिकरण ने उन्हें मंजूरी दिया। नई स्वीकृत परियोजनाओं में लखनऊ सबसे आगे रहा। यहां छह आवासीय, एक मिश्रित उपयोग व दो व्यावसायिक परियोजनाओं को मंजूरी मिली। इनमें 2203.27 करोड़ रुपये का निवेश से 3031 इकाइयों का निर्माण होगा।
मुरादाबाद में एक आवासीय परियोजना के विकास में 1.03 करोड़ का निवेश के तहत 12 आवासीय इकाइयां विकसित होंगी। गाजियाबाद की दो आवासीय योजनाओं में 943.28 करोड़ का निवेश होगा। इनके पूरा होने पर जिले में 1016 नई आवासीय इकाइयां होंगी। गौतमबुद्ध नगर में एक मिश्रित उपयोग वाली रियल एस्टेट परियोजना के लिए लगभग 940.43 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है। इसके तहत 456 इकाइयों का निर्माण किया जाएगा।
इसी तरह मेरठ में 194.28 करोड़ के अनुमानित निवेश वाली एक आवासीय परियोजना को स्वीकृति मिली है। कुल 313 आवासीय इकाइयां विकसित की जाएंगी, फिरोजाबाद में 10.87 करोड़ के प्रस्तावित निवेश वाली आवासीय परियोजना से 48 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जाएगा।
कानपुर में 524.66 करोड़ के अनुमानित निवेश वाली एक आवासीय परियोजना के अंतर्गत 597 आवासीय इकाइयों का निर्माण प्रस्तावित है। रामनगरी अयोध्या में भी रियल एस्टेट विकास को बढ़ावा मिला है। 26.61 करोड़ के अनुमानित निवेश वाली एक आवासीय परियोजना से कुल 159 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जाएगा।
यूपी रेरा के अध्यक्ष भूसरेड्डी ने कहा कि प्रदेश में रियल एस्टेट क्षेत्र को पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने के लिए प्राधिकरण निरंतर प्रभावी कदम उठा रहा है। परियोजनाओं के प्रस्तावों का समयबद्ध निस्तारण और उनके विकास की नियमित निगरानी इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।