कौन हैं ममता चौधरी, जिनका अजय राय से हुआ विवाद? लखनऊ कांग्रेस दफ्तर में जमकर चले थे जूते-चप्पल
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नई अध्यक्ष आराधना मिश्रा के कार्यभार ग्रहण समारोह में अजय राय और ममता चौधरी के ...और पढ़ें

ममता चौधरी और अजय राय।
HighLights
आराधना मिश्रा के पदभार ग्रहण समारोह में विवाद हुआ।
अजय राय और ममता चौधरी के समर्थक भिड़ गए।
कांग्रेस कार्यालय लखनऊ में जूते-चप्पल चले।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नवनियुक्त अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने रविवार को नवरात्र के पहले दिन औपचारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण किया। उनका पदभार ग्रहण समारोह इस समय पूरे उत्तर प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है।
दरअसल, समारोह में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अजय राय और ममता चौधरी के समर्थकों के बीच कहासुनी हो गई और इस दौरान जमकर जूते-चप्पल चले। आरोप है कि अजय राय के समर्थकों से बदसलूकी हुई।
‘कौन अध्यक्ष’ के सवाल के बाद बढ़ा विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अजय राय अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे। उस समय वहां काफी भीड़ मौजूद थी।
रास्ता बनाने के लिए अजय राय के समर्थकों ने कथित तौर पर कहा कि अध्यक्ष जी निकलेंगे, रास्ता दे दीजिए। इस पर ममता चौधरी की तरफ से सवाल किया गया, ‘कौन अध्यक्ष’। इसी बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने लगा। देखते ही देखते कहासुनी ने हंगामे का रूप ले लिया।
कौन हैं ममता चौधरी?
ममता चौधरी लखनऊ नगर निगम में कांग्रेस पार्षद दल की नेता हैं। ममता चौधरी लखनऊ के मालवीय नगर वार्ड जोन से पार्षद हैं। ममता चौधरी लगातार चार बार से पार्षद हैं। वे उत्तर प्रदेश महिला कांग्रेस (मध्य जोन) की अध्यक्ष भी हैं।
2022 में मोहनलालगंज से लड़ा विधानसभा चुनाव
कांग्रेस ने साल 2022 के विधानसभा चुनाव में ममता चौधरी को मोहनलालगंज की सुरक्षित सीट से उम्मीदवार बनाया था। चुनाव में उन्हें 2,990 वोट मिले थे।
बताया जा रहा है कि किसी पुराने मामले को लेकर पूर्व अध्यक्ष अजय राय और लखनऊ में पार्षद ममता चौधरी के बीच टसल चल रही थी।
अजय राय और ममता चौधरी का पुराना टसल
अजय राय ने अपने कार्यकाल के दौरान कांग्रेस मुख्यालय में ममता चौधरी के प्रवेश को प्रतिबंधित कर रखा था, लेकिन मोना के अध्यक्ष बनने के बाद ममता चौधरी ने कांग्रेस मुख्यालय आना शुरू कर दिया। रविवार को उनके समर्थकों ने भी अजय राय की हूटिंग की।
यूपी महिला कांग्रेस में क्या है ममता चौधरी की भूमिका?
महिला कांग्रेस में उनकी जिम्मेदारी और स्थानीय राजनीति में सक्रियता के चलते उनका नाम प्रदेश कांग्रेस के संगठनात्मक मामलों में भी सामने आता रहा है। ममता चौधरी के पति मनीष कुमार तिवारी को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी का करीबी माना जाता है।
