यूपी के एजुकेशन सिस्टम को मिलेगी नई उड़ान, ग्रेटर नोएडा में खुलेगा ऑस्ट्रेलिया की सिडनी यूनिवर्सिटी का कैंपस
उत्तर प्रदेश में उच्च शिक्षा प्रोत्साहन नीति-2024 के तहत निजी विश्वविद्यालयों की संख्या 26 से बढ़कर 56 हो गई है, जबकि सरकारी विश्वविद्यालय 16 से 26 हो गए हैं।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
ऑस्ट्रेलिया की वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी का परिसर ग्रेटर नोएडा में खुलेगा।
उत्तर प्रदेश में निजी विश्वविद्यालयों की संख्या बढ़कर 56 हो गई।
सरकारी विश्वविद्यालयों की संख्या 2017 के 16 से बढ़कर 26 हुई।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश में निजी विश्वविद्यालयों की स्थापना को बढ़ावा देने के लिए लागू की गई उच्च शिक्षा प्रोत्साहन नीति-2024 का असर दिखने लगा है। जिन जिलों में उच्च शिक्षा के संस्थान कम हैं, वहां निजी विश्वविद्यालयों की संख्या तेजी से बढ़ी है। अब प्रदेश में विदेशी विश्वविद्यालय का परिसर खोलने की भी तैयारी है। इसके तहत आस्ट्रेलिया की वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी का कैंपस ग्रेटर नोएडा में स्थापित करने का प्रस्ताव है।
उच्च शिक्षा विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2017 तक प्रदेश में 16 सरकारी विश्वविद्यालय थे। अब एक डीम्ड और एक मुक्त विश्वविद्यालय को मिलाकर सरकारी विश्वविद्यालयों की संख्या अब 26 हो गई है। दूसरी ओर, निजी विश्वविद्यालयों की संख्या 26 से बढ़कर 56 पहुंच गई है। विश्वविद्यालयों के साथ महाविद्यालयों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है।
वर्ष 2017 में प्रदेश में 158 राजकीय महाविद्यालय थे, जिनकी संख्या अब 261 हो गई है। इसी तरह स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों की संख्या 6681 से बढ़कर 8030 पहुंच गई है। केंद्र सरकार की पीएम ऊषा योजना के तहत प्रदेश को 965 करोड़ रुपये का अनुदान मिला है।
यह भी पढ़ें- UP चुनाव : सपा के कुर्मी-यादव किले में भाजपा की सेंध, अरविंद चौधरी और पूर्व CBI अधिकारी अनिल यादव ने थामा BJP का दामन
इस राशि से विश्वविद्यालयों में भवन और अन्य सुविधाओं, शोध, प्रयोगशालाओं तथा स्मार्ट क्लास के विकास से जुड़े कार्य किए जाने हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक संस्थानों के साथ 776 समझौते किए गए हैं। हालांकि निजी विश्वविद्यालयों की निगरानी व शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखने की चुनौती अभी भी बनी हुई है।