UP चुनाव : सपा के कुर्मी-यादव किले में भाजपा की सेंध, अरविंद चौधरी और पूर्व CBI अधिकारी अनिल यादव ने थामा BJP का दामन
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा ने सपा के कुर्मी-यादव नेताओं अरविंद चौधरी और अनिल यादव को पार्टी में शामिल कर बड़ी सेंध लगाई है।

पूर्व सांसद अरविंद चौधरी।
HighLights
भाजपा ने सपा के कुर्मी-यादव नेताओं को पार्टी में शामिल किया।
अरविंद चौधरी और सीबीआई के पूर्व अधिकारी अनिल यादव भाजपा में।
यह कदम 2027 यूपी चुनाव के जातीय समीकरण साधने का प्रयास।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले जहां राजनीतिक दल नए चेहरों को जोड़कर जातीय समीकरणों को सजाने में जुटे हैं, वहीं नेताओं को भी सुरक्षित राजनीतिक ठिकाना मिल रहा है। 2009 में बसपा के टिकट पर बस्ती से सांसद चने गए एवं वर्तमान में सपा में सक्रिय अरविंद चौधरी और सीबीआई के पूर्व अधिकारी अनिल यादव ने भाजपा का पटका पहन लिया है।
इसे जहां 27 अक्टूबर को आंवला के पूर्व भाजपा सांसद धर्मेंद्र कश्यप के सपा में शामिल होने का जवाब माना जा रहा है, वहीं यह कुर्मी-यादव समीकरण कसने का प्रयास भी है। वह बस्ती के सपा सांसद राम प्रसाद चौधरी के भतीजे हैं।
विधान सभा चुनाव को देखते हुए सभी दलों ने बाहरियों के लिए खिड़की खोल दिया है। इससे जहां दलों का जातीय समीकरण मजबूत हो रहा है, वहीं इससे विरोधी दलों पर मनोवैज्ञानिक दबाव भी बनता है। लखनऊ भाजपा कार्यालय पर बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कुर्मी चेहरा अरविंद चौधरी को पटका पहनाया।
इन्होंने कराया शामिल
भाजपा ज्वाइनिंग कमेटी के चेयरमैन एवं मंत्री धर्मपाल सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह एवं मंत्री दयाशंकर सिंह की मंच पर उपस्थिति बता रही थी कि यह ज्वाइनिंग कितनी महत्वपूर्ण है। पार्टी के जानकारों का कहना है कि अयोध्या, देवीपाटन एवं गोरखपुर मंडल के कुर्मी वोटों को अपने पाले में लेने की रणनीति के तहत पार्टी में शामिल कराया गया है।
प्रदेश में यादव के बाद पिछड़ों में कुर्मी वोटों की संख्या सर्वाधिक मानी जाती है। चर्चा है कि अरविंद बस्ती की कप्तानगंज विधान सभा सीट से टिकट मांगेंगे। बीजेपी के इस कदम को सपा के कुर्मी वोटरों में बड़ी सेंध लगाने के तौर पर देखा जा रहा है।
उत्तर प्रदेश में यादव सपा के ठोस वोटबैंक माने जाते हैं, लेकिन भाजपा ने उनके बीच भी पकड़ बढ़ाने की कसरत तेज की है। सपा नेता एवं बांदा के रहने वाले अनिल यादव को शामिल करना भाजपा की इसी रणनीति का हिस्सा है।
यह भी पढ़ें- 'सपा की सरकार बनी तो अयोध्या के गरीबों को देंगे मुफ्त घी और सरसों का तेल', चुनाव से पहले अखिलेश का एलान
पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा संगठन आधारित दल है, जहां सभी कार्यकर्ताओं का पूरा सम्मान है। उनके लिए पर्याप्त अवसर हैं। दोनों नेताओं के शामिल होने से भाजपा को नई ऊर्जा एवं मजबूती मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा की। इस दौरान भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं के समर्थक भी नजर आए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।