दूसरे शहर में रहकर भी बन सकते हैं वोटर, पते के प्रमाण के लिए मान्य होंगे ये 7 दस्तावेज; चुनाव आयोग ने दिया बड़ा अपडेट
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदाता बनने के लिए स्थायी निवास की अनिवार्यता नहीं है, बल्कि सामान्य रूप से निवास करने वाले लोग भी वोटर बन सकते हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
स्थायी निवास की अनिवार्यता नहीं, सामान्य निवास पर्याप्त।
मतदाता बनने को 7 तरह के पते के प्रमाण मान्य।
एक से अधिक जगह नाम दर्ज होने पर कानूनी कार्रवाई।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के बाद मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने को लेकर बड़ी संख्या में लोगों के मन में भ्रम है। खासकर दूसरे शहरों में नौकरी, कारोबार या पढ़ाई के सिलसिले में रह रहे लोगों के सामने यह सवाल है कि क्या वे अपने वर्तमान पते पर मतदाता बन सकते हैं? चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि मतदाता बनने के लिए स्थायी निवास की अनिवार्यता नहीं है।
कोई भी व्यक्ति जिस क्षेत्र में सामान्य रूप से निवास कर रहे हैं, वहां की मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए उसे संबंधित पते पर निवास का प्रमाण देना होगा। पते के प्रमाण के रूप में सात तरह के दस्तावेजों में कोई एक देना होगा।
इनमें संबंधित पते पर कम से कम एक वर्ष का पानी, बिजली या गैस कनेक्शन बिल, आधार कार्ड, राष्ट्रीयकृत अथवा अनुसूचित बैंक या डाकघर की वर्तमान पासबुक शामिल है। इसके अलावा राजस्व विभाग का भूमि स्वामित्व अभिलेख (किसान बही सहित), भारतीय पासपोर्ट, किराएदार की दशा में पंजीकृत किराया पट्टा विलेख और स्वयं के मकान की स्थिति में पंजीकृत विक्रय विलेख भी पते के प्रमाण के रूप में प्रस्तुत किया जा सकता है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि यदि कोई पहले मतदाता सूची में था और उसका नाम बाद में कट गया है तो भी वे फार्म-6 भरकर नाम जुड़वा सकते हैं। इस व्यवस्था का उद्देश्य उन लोगों को मतदाता बनने का अवसर देना है, जो नौकरी, कारोबार, पढ़ाई या अन्य कारणों से किसी दूसरे स्थान पर रह रहे हैं। ऐसे लोग केवल स्थायी पते के आधार पर मतदाता बनने से वंचित नहीं रहेंगे।
यह भी पढ़ें- SIR के बाद गोंडा की वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट जारी, 16000 बढ़े मतदाता; अब कुल संख्या पहुंची 22.31 लाख
हालांकि, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए संबंधित क्षेत्र में सामान्य रूप से निवास करना जरूरी होगा। एक व्यक्ति का नाम एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो सकता है। दो जगह नाम दर्ज होने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।