विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वोटर लिस्ट से कट गया नाम? फॉर्म-6 भरने से पहले जान लें ये जरूरी बात, चुनाव आयोग ने दिया बड़ा अपडेट

Published: Tue, 10 Nov 2026 09:33 PM (IST)

चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची से नाम कटने पर फॉर्म-6 भरकर ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद नाम कटने पर राहत।

  2. फॉर्म-6 भरकर दोबारा नाम जुड़वाने पर कार्रवाई नहीं।

  3. गलत जानकारी देने पर ही होगी कानूनी कार्रवाई।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के बाद मतदाता सूची में जिन लोगों का नाम नहीं है, उन्हें दोबारा नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6 भरने में अब डरने की जरूरत नहीं है। अगर किसी व्यक्ति का नाम पहले की मतदाता सूची में था, लेकिन नई सूची में नहीं है तो वह फार्म-6 भरकर अपना नाम फिर से जुड़वा सकते हैं।

इसके लिए उसके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं होगी। भारत निर्वाचन आयोग ने साफ किया है कि पहले मतदाता होने के बावजूद दोबारा नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करना गलत नहीं है।

दरअसल, फार्म-6 भरते समय आवेदक को यह घोषणा करनी होती है कि वह पहली बार मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर रहा है। इस वजह से पहले से मतदाता रहे लोगों को डर था कि दोबारा फार्म भरने पर उन पर गलत जानकारी देने का आरोप लग सकता है और कार्रवाई हो सकती है।

आयोग ने इसी आशंका को दूर करते हुए स्पष्ट किया है कि एसआइआर से पहले मतदाता सूची में नाम होने के बावजूद वर्तमान सूची में नाम नहीं होने पर फार्म-6 भरने वाले व्यक्ति के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा-31 के तहत कार्रवाई नहीं की जाएगी।

आयोग की यह राहत उन लोगों के लिए है, जिनका नाम वर्तमान में किसी भी दूसरे विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। यदि किसी व्यक्ति का नाम पहले से दूसरे विधानसभा क्षेत्र में दर्ज है और वह यह बात छिपाकर दूसरी जगह भी नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करता है या फार्म-6 में जानबूझकर गलत जानकारी देता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है। धारा-31 के तहत गलत घोषणा करने पर एक साल तक की जेल, जुर्माना या दोनों का प्रावधान है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि आयोग के निर्देशों के अनुसार प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं। उन्हें निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) और अन्य संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी देने तथा लोगों के बीच इसका प्रचार-प्रसार कराने को कहा गया है।

यह भी पढ़ें- जनगणना में नई सुविधा: अब घर बैठे मोबाइल से खुद दर्ज करें परिवार का ब्योरा, मिलेगा 11 अंकों का विशेष SE ID

उन्होंने प्रदेश के पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे वर्तमान मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांच लें। यदि पहले नाम दर्ज था, लेकिन अब सूची में नहीं है तो बिना किसी डर के फार्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।