जागरण संवादी: संघर्ष के दिनों में अभिनेता विनीत सिंह को मणिकर्णिका घाट से मिलती थी ऊर्जा, बताए अनकहे किस्से
अभिनेता विनीत कुमार सिंह ने दैनिक जागरण के 'संवादी' सत्र में अपने संघर्ष और अभिनय यात्रा के अनछुए पहलुओं को साझा किया।

विनीत कुमार सिंह
HighLights
'मुक्काबाज' फिल्म ने विनीत के अभिनय को नई पहचान दी।
संघर्ष के दिनों में मणिकर्णिका घाट से मिलती थी ऊर्जा।
अभिनेता ने 'संवादी' में साझा किए अपने जीवन के किस्से।
आनंद त्रिपाठी, लखनऊ। आंखों में अभिनेता बनने का सपना, दिल में कुछ कर गुजरने का जुनून और सामने संघर्ष की लंबी राह। बनारस की तंग गलियों से मुंबई की चौड़ी सड़कों तक का सफर विनीत कुमार सिंह के लिए आसान नहीं था। काम की तलाश में भटकना पड़ा तो कभी समाज के तानों से जूझना पड़ा।
मेडिकल कॉलेज के दिनों में दोस्तों ने ''''चला मुरारी हीरो बनने'''' कहकर मजाक भी उड़ाया, लेकिन विनीत ने न अपना सपना छोड़ा और न ही मंजिल की ओर बढ़ते कदम रोके। करीब 18 वर्षों के संघर्ष के बाद फिल्म ''''मुक्काबाज'''' ने उनके अभिनय को नई पहचान दिलाई।
खास बात यह रही कि फिल्म की कहानी से जुड़ाव इतना गहरा था कि उसका स्क्रीनप्ले भी उन्होंने खुद लिखा। शनिवार को लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में दैनिक जागरण की ओर से आयोजित ''''संवादी'''' के विविधरंगी अभिनेता सत्र में विनीत कुमार सिंह ने उपन्यासकार प्रशांत कश्यप से बातचीत में अपने जीवन के कई अनकहे किस्से साझा किए।
''''गैंग्स ऑफ वासेपुर'''' के दानिश से लेकर ''''छावा'''' के कवि कलश तक, उनके निभाए किरदार दर्शकों की स्मृतियों में आज भी ताजा हैं।
प्रशांत कश्यप ने उनसे पूछा कि आगे बढ़ने की ऊर्जा कहां से मिलती है। इस पर विनीत ने कहा कि काशी में जन्म और वहां के वातावरण ने उनके भीतर अध्यात्म का भाव पैदा किया। बनारस और घर के माहौल ने जीवन को देखने का नजरिया दिया। संघर्ष के दिनों में जब छह-छह महीने तक काम नहीं मिलता था तो वह खुद को रिचार्ज करने मणिकर्णिका घाट पहुंच जाते थे।
वहां करीब दो घंटे बिताने के बाद जीवन की अंतिम सच्चाई का एहसास होता था। इससे मन को शांति और आगे बढ़ने की नई ऊर्जा मिलती थी। उन्होंने कहा कि चेहरे की रौनक क्रीम से नहीं, बल्कि भीतर चल रही ऊर्जा और उम्मीद से आती है। अपमान और मुश्किलों को भी उन्होंने अपने अनुभव और ऊर्जा का हिस्सा बनाया।
उनके मुताबिक कलाकार को पानी की तरह होना चाहिए, जो हर परिस्थिति और किरदार के अनुसार खुद को ढाल सके। कलाकार के लिए जरूरी है कि वह अपने मूल स्वभाव को बचाए रखते हुए नए अनुभवों और परिस्थितियों को स्वीकार करे।
'मुक्काबाज' ने बदली करियर की दिशा
विनीत ने बताया कि फिल्म 'मुक्काबाज' उनके करियर का बड़ा मोड़ साबित हुई। करीब 18 वर्ष के संघर्ष के बाद मिली इस फिल्म का स्क्रीनप्ले उन्होंने खुद लिखा था। हालांकि, बतौर लेखक करियर बनाने के बजाय उन्होंने अभिनय को चुना, क्योंकि अपनी सहजता उन्हें अभिनय में अधिक महसूस होती थी। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बिना किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ना संभव नहीं है।
अखबार के साथ मूंगफली और नमक का रिश्ता
दैनिक जागरण से अपने बचपन के रिश्ते को याद करते हुए विनीत ने कहा कि घर में अखबार सिर्फ पढ़ा नहीं जाता था, बल्कि चाटा जाता था। हर कमरे में अखबार के पन्ने घूमते थे। सर्दियों में उसी अखबार पर मूंगफली तोड़ी जाती थी और नमक चाटा जाता था। उन्होंने मुस्कराते हुए कहा कि दैनिक जागरण का कुछ नमक भी उनके भीतर गया होगा। उनके इस अंदाज ने श्रोताओं को भी मुस्कराने का मौका दिया।
'चला मुरारी हीरो बनने' कहकर उड़ाया गया मजाक
मुंबई में मुख्य किरदार पाने का सपना था, लेकिन यह नहीं पता था कि वह कब पूरा होगा। इस दौरान परिवार को भी समाज के प्रश्नों का सामना करना पड़ा। लोग पूछते थे कि विनीत मुंबई में क्या कर रहे हैं? मेडिकल कॉलेज के दिनों में तो उन पर दो पन्नों की मैगजीन निकालकर उसका शीर्षक ही ''''चला मुरारी हीरो बनने'''' रख दिया गया था।
विनीत ने कहा कि इन अनुभवों ने उन्हें सीख दी और अब वह किसी को कुछ साबित करने के लिए काम नहीं करते। उनका लक्ष्य सिर्फ अपने काम के प्रति ईमानदार रहना है।
'रश्मिरथी' के पाठ ने जमाया रंग
वेब सीरीज ''''रंगबाज'''' में शायरी, गुस्से और क्रूरता के मेल वाले किरदार पर चर्चा के दौरान विनीत ने कहा कि संघर्ष ने उन्हें हर परिस्थिति स्वीकार करना और खुद को बदलना सिखाया है। महेंद्र सिंह धोनी को अपना प्रेरणास्रोत बताते हुए उन्होंने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की रचना ''''रश्मिरथी'''' के प्रसंग ''''कृष्ण की चेतावनी'''' का उल्लेख किया। इस दौरान उन्होंने रचना का पाठ भी किया, जिस पर सभागार में मौजूद श्रोताओं ने खूब उत्साह दिखाया और उनकी लय से ताल मिलाई।
अक्षय के साथ 'सामुक' में आएंगे नजर
आगामी परियोजनाओं की जानकारी देते हुए विनीत ने बताया कि अक्षय कुमार के साथ क्रिएचर फिल्म ''''सामुक'''' की शूटिंग पूरी कर चुके हैं। इसके अलावा वह ''''शक्ति शालिनी'''', ''''दहाड़'''' सीजन-2 समेत कई फिल्मों व वेब सीरीज में नजर आएंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।