विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विजय मर्चेंट ट्रॉफी अंडर-16: अर्नव, साकेत और ध्रुव के अर्धशतक से उत्तराखंड मजबूत, गोवा के लिए युवराज ने बनाए 91 रन

Published: Sat, 14 Nov 2026 10:23 PM (IST)

विजय मर्चेंट ट्रॉफी अंडर-16 में उत्तराखंड ने कर्नाटक के खिलाफ 263/9 का मजबूत स्कोर बनाया, जिसमें साकेत, अर्नव और ध्रुव ने अर्धशतक जड़े।

इकाना स्टेडियम में शनिवार को बल्लेबाजी के दौरान उत्तराखंड के ध्रुव रावत, यूपीसीए

इकाना स्टेडियम में शनिवार को बल्लेबाजी के दौरान उत्तराखंड के ध्रुव रावत, यूपीसीए

HighLights

  1. उत्तराखंड ने कर्नाटक के खिलाफ 263/9 का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

  2. साकेत, अर्नव, ध्रुव ने उत्तराखंड के लिए अर्धशतकीय पारियां खेलीं।

  3. गोवा के युवराज ने 91* और वंश ने 57 रन बनाए।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। विजय मर्चेंट ट्रॉफी अंडर-16 के मुकाबलों में शनिवार को बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। इकाना स्टेडियम में उत्तराखंड के बल्लेबाजों ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए कर्नाटक के खिलाफ नौ विकेट पर 263 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। साकेत चौहान, अर्नव सिंह साहनी और ध्रुव रावत ने अर्धशतकीय पारियां खेलकर टीम को संभाला। इकाना बी ग्राउंड पर गोवा ने राजस्थान के खिलाफ पांच विकेट पर 177 रन बनाए।

साकेत-अर्नव ने संभाला मोर्चा

इकाना स्टेडियम में कर्नाटक के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने उतरी उत्तराखंड की टीम की शुरुआत खराब रही। कर्नाटक के गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ से गेंदबाजी करते हुए महज 36 रन के स्कोर पर उत्तराखंड के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया।

शुरुआती झटकों से टीम दबाव में आ गई थी, लेकिन इसके बाद साकेत चौहान और अर्नव सिंह साहनी ने जिम्मेदारी संभाली। दोनों बल्लेबाजों ने संयम और सूझबूझ का परिचय देते हुए चौथे विकेट के लिए 127 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। साकेत ने 72 गेंदों पर 58 रन बनाए। वहीं, अर्नव ने 203 गेंदों का सामना करते हुए 88 रन की धैर्यपूर्ण पारी खेली।

उन्होंने कर्नाटक के गेंदबाजों को लंबे समय तक विकेट के लिए तरसाए रखा। इसके बाद ध्रुव रावत ने 57 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूती दी। कर्नाटक की ओर से विदित एस. ने तीन विकेट हासिल किए। दिन का खेल समाप्त होने तक उत्तराखंड ने नौ विकेट पर 263 रन बना लिए थे।

युवराज ने 275 गेंदों पर बनाए 91 रन

इकाना बी ग्राउंड पर गोवा और राजस्थान के बीच मुकाबले में गोवा ने पहली पारी में पांच विकेट पर 177 रन बनाए। गोवा की ओर से सलामी बल्लेबाज युवराज ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 275 गेंदों पर नाबाद 91 रन बनाए। उनकी पारी में 13 चौके शामिल रहे। हालांकि, वह शतक पूरा करने से चूक गए। वंश ने भी 57 रन की अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को मजबूती दी। राजस्थान की ओर से अनंजय शर्मा ने तीन विकेट हासिल किए।

आदित्य ने पांच विकेट लेकर महाराष्ट्र को समेटा

जीसीआरजी मैदान पर छत्तीसगढ़ की टीम पहली पारी में 67 रन पर सिमट गई। उज्ज्वल कुमार ने नाबाद 47 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने की कोशिश की। महाराष्ट्र की ओर से श्रेयांश बहुतुले ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके।

जवाब में महाराष्ट्र की टीम भी छत्तीसगढ़ के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और उसकी पहली पारी 94 रन पर समाप्त हो गई। मुत्जबा सैयद ने 31 और अर्नव पाटिल ने 28 रन बनाए। छत्तीसगढ़ के आदित्य ने पांच विकेट लेकर महाराष्ट्र की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। वहीं, चंद्र साहू ने चार विकेट हासिल किए।

यह भी पढ़ें- यूपी में वीबी-जी राम जी के कार्यों का होगा डिजिटल सत्यापन, 15 दिनों में निस्तारित करनी होंगी शिकायतें

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।