दिवाली पर घर आए प्रवासियों को खिलाई जाएगी फाइलेरिया की दवा, यूपी में 15 नवंबर तक चलेगा विशेष अभिायन
उत्तर प्रदेश में 9 नवंबर से 15 नवंबर तक फाइलेरिया उन्मूलन के लिए विशेष अभियान चलेगा, जिसमें दीपावली पर लौटे ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
विशेष फाइलेरिया अभियान 9 से 15 नवंबर तक चलेगा।
दीपावली पर लौटे प्रवासियों को भी दवा खिलाई जाएगी।
16 जिलों में 90 प्रतिशत दवा सेवन का लक्ष्य।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश को फाइलेरिया मुक्त बनाने के लिए गुरुवार से 15 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान अब तक कभी फाइलेरिया रोधी दवा नहीं खाने वाले (नेवर टेकन), दवा सेवन से इनकार करने वाले और दीपावली पर घर लौटे प्रवासी लोगों को भी दवा खिलाई जाएगी।
स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर अपनी निगरानी में लोगों को दवा का सेवन कराएंगे। इसके बाद 19 नवंबर से सात दिसंबर तक 16 जिलों के 53 ब्लाक में सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान चलाया जाएगा।
राज्य फाइलेरिया अधिकारी डा. एके चौधरी ने बताया कि प्रदेश में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम अंतिम दौर में है। ऐसे में अब तक दवा नहीं खाने और दवा सेवन से इनकार करने वाले लोगों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभियान के लिए शिक्षा, पंचायती राज और राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारियों व कर्मचारियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है।
सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) को भी प्रशिक्षित किया गया है। इस बार प्रत्येक ब्लाक में 90 प्रतिशत से अधिक पात्र लोगों को स्वास्थ्य कर्मियों के सामने दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए दवा सेवन से छूटे लोगों का फालोअप करने और समुदाय की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
प्रदेश के कानपुर नगर, उन्नाव, कानपुर देहात, चित्रकूट, सीतापुर, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, प्रयागराज, गोंडा, हरदोई, कन्नौज, बलिया, फर्रुखाबाद, फतेहपुर और कौशांबी में यह अभियान चलेगा।
यह भी पढ़ें- गुमला में फाइलेरिया का संक्रमण खत्म हुआ या अब भी मौजूद? 17 अगस्त से शुरू होगा सर्वे