उत्तर प्रदेश में एडेड स्कूलों की पूरी जानकारी होगी ऑनलाइन, 28 नवंबर तक अपडेट होगा पोर्टल
उत्तर प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त और संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों की पूरी जानकारी अब एक ही ऑनलाइन पोर्टल पर मिलेगी।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
अशासकीय विद्यालयों की पूरी जानकारी एक पोर्टल पर मिलेगी।
शिक्षकों, कर्मचारियों के रिक्त पदों का ब्योरा ऑनलाइन होगा।
प्रबंधन चुनाव, सेवानिवृत्ति की स्थिति भी पोर्टल पर दर्ज होगी।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त और संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों की पूरी जानकारी अब एक ही पोर्टल पर मिलेगी। इन विद्यालयों में शिक्षकों और कर्मचारियों के कितने पद खाली हैं, कौन कब सेवानिवृत्त होने वाला है और प्रबंधन का चुनाव कब होना है, इसका पूरा ब्योरा ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा। विद्यालयों को नौ बिंदुओं पर जानकारी देनी होगी।
शिक्षा निदेशक माध्यमिक प्रताप सिंह बघेल ने इसके लिए 20 नवंबर तक सभी जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षकों को विद्यालय स्तर से सूचनाएं अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। पूरी प्रक्रिया 28 नवंबर तक पूरी करनी होगी।
माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इसके लिए dse.upmsp.edu.in पोर्टल तैयार किया है। अब तक पोर्टल पर उपलब्ध जानकारियां नियमित रूप से अपडेट नहीं हो रही थीं। इससे विद्यालयों की वास्तविक स्थिति का पता लगाने में परेशानी होती थी।
अब सभी विद्यालयों का नया और पूरा ब्योरा जुटाया जा रहा है। इसमें सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों व कर्मचारियों की सूची, प्रबंधन चुनाव की स्थिति, प्राधिकृत नियंत्रक वाले विद्यालयों का विवरण, विकास निधि में उपलब्ध धनराशि और रिक्त पदों की जानकारी शामिल है। इसके साथ ही विद्यालयों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए अनुदान के आवेदनों का भी पूरा ब्योरा दर्ज करना होगा।