विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वांचल में तैयार होंगे रिहैबिलिटेशन साइकोलॉजी के विशेषज्ञ, शुरू होगा नया कोर्स

Published: Sat, 14 Nov 2026 06:39 PM (IST)

पूर्वांचल में दिव्यांगजनों के पुनर्वास और मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए गोरखपुर का कंपोजिट रिहैबिलिटेशन सेंटर (सीआरसी) रिहैबिलिटेशन साइकोलॉजी में विशेषज्ञ तैयार करेगा।

इस फोटो को एआई टूल की मदद बनाया गया।

इस फोटो को एआई टूल की मदद बनाया गया।

HighLights

  1. सीआरसी गोरखपुर शुरू करेगा पीजीडीआरपी कोर्स।

  2. दिव्यांगजनों के पुनर्वास हेतु विशेषज्ञ होंगे तैयार।

  3. भारतीय पुनर्वास परिषद से अनुमति प्रक्रिया जारी।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। पूर्वांचल में दिव्यांगजन के पुनर्वास और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी सेवाओं को मजबूती देने की दिशा में कंपोजिट रिहैबिलिटेशन सेंटर (सीआरसी) ने महत्वपूर्ण पहल की है। संस्थान की ओर से पहली बार क्षेत्र में रिहैबिलिटेशन साइकोलॉजी के विशेषज्ञ तैयार करने की योजना बनाई गई है।

इसके लिए पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन रिहैबिलिटेशन साइकोलॉजी (पीजीडीआरपी) कोर्स शुरू करने की तैयारी है। कोर्स के संचालन के लिए भारतीय पुनर्वास परिषद (आरसीआई), नई दिल्ली से अनुमति लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संस्थान की ओर से इसके लिए प्रस्ताव भेज दिया गया है।

इस पहल के साकार होने पर गोरखपुर-बस्ती मंडल के साथ ही आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को रिहैबिलिटेशन साइकोलॉजी में विशेषज्ञता हासिल करने का अवसर मिलेगा। अभी तक पूर्वांचल के विद्यार्थियों के सामने इस क्षेत्र में प्रशिक्षण प्राप्त करने के सीमित विकल्प थे।

इस कोर्स की सुविधा मुख्य रूप से लखनऊ में उपलब्ध है, जबकि वाराणसी में एक निजी संस्था इसका संचालन कर रही है। गोरखपुर-बस्ती मंडल और आसपास के अन्य मंडलों में अभी तक इस तरह का कोई प्रशिक्षण केंद्र नहीं है। रिहैबिलिटेशन साइकोलॉजी दिव्यांगजनों के मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक पुनर्वास से जुड़ा महत्वपूर्ण क्षेत्र है।

इस विधा के विशेषज्ञ शारीरिक, बौद्धिक, विकासात्मक और अन्य प्रकार की दिव्यांगता से प्रभावित लोगों की मनोवैज्ञानिक जरूरतों को समझने के साथ उनके पुनर्वास में सहयोग करते हैं। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने, उनमें आत्मविश्वास विकसित करने और सामाजिक जीवन में उनकी भागीदारी बढ़ाने में इन विशेषज्ञों की अहम भूमिका होती है।

पूर्वांचल में बड़ी आबादी को बेहतर पुनर्वास सेवाओं की जरूरत है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित विशेषज्ञों की उपलब्धता बढ़ने से इस क्षेत्र को लाभ मिल सकता है। अभी इस कोर्स के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे विद्यार्थियों को अतिरिक्त समय और धन खर्च करने पड़ते हैं।

सीआरसी की इस पहल से न केवल विद्यार्थियों के लिए रोजगार और विशेषज्ञता के नए अवसर खुलेंगे, बल्कि क्षेत्र में दिव्यांगजनों के लिए मनोवैज्ञानिक परामर्श और पुनर्वास सेवाओं को भी विस्तार मिल सकेगा। कोर्स के संचालन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उम्मीद है कि शीघ्र ही भारतीय पुनर्वास परिषद से इसकी अनुमति मिल जाएगी। -जितेंद्र यादव, निदेशक सीआरसी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।