उत्तराखंड भी बना उत्तर प्रदेश में गठबंधन में खींचतान की वजह, 30 सीटें चाहती है सपा; कांग्रेस देने के पक्ष में नहीं
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और सपा के बीच सीटों के बंटवारे पर खींचतान की वजह उत्तराखंड चुनाव भी है।

अखिलेश यादव और राहुल गांधी (फाइल फोटो)
HighLights
उत्तराखंड चुनाव यूपी में सपा-कांग्रेस सीट बंटवारे की वजह।
सपा उत्तराखंड में कांग्रेस से 30 सीटें चाहती है।
कांग्रेस उत्तराखंड में सपा को अधिक सीटें देने को तैयार नहीं।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और सपा के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान के पीछे उत्तराखंड विधानसभा चुनाव भी एक बड़ी वजह बन रहा है। सपा उत्तराखंड में कांग्रेस से सम्मानजनक सीटें चाहती है, जबकि कांग्रेस सपा को वहां ज्यादा सीटें देने के पक्ष में नहीं है। यही वजह है कि सपा उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को कम से कम सीटों पर समेटना चाह रही है।
उत्तराखंड में कांग्रेस की स्थिति एकदम वैसी ही है जैसी उत्तर प्रदेश में सपा की है। सपा ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के साथ गठबंधन के तहत 30 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी की है। इस संबंध में सीटों की सूची तैयार कर पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व को भेजी गई है।
प्रदेश संगठन के वरिष्ठ नेताओं के साथ विचार-विमर्श के बाद तैयार की गई इस सूची में हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और देहरादून की सीटें शामिल हैं। इनमें से 15 सीटों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित किया गया है। सपा भी इस बात को अच्छी तरह से जानती है कि उत्तराखंड में खाता खोलने के लिए उसे कांग्रेस की बैसाखी की जरूरत है।
दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश में कांग्रेस सपा से 200 सीटों की मांग करते-करते 100 से 125 सीटों पर आ गई है। हालांकि सपा ने अभी तक कांग्रेस को 26 सीटों का ऑफर दिया है। इसे लेकर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद पिछले चार दिनों से लगातार तीखी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने प्रदेश कांग्रेस के नेताओं को यह संदेश जरूर दिया है कि गठबंधन व सीटों के बंटवारे पर तीखी बयानबाजी न करें। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव यह बात कई बार कह चुके हैं कि कांग्रेस के साथ सपा का गठबंधन राष्ट्रीय स्तर पर हुआ है न कि सिर्फ उत्तर प्रदेश के लिए।
वहीं, 37 वर्षों से अधिक समय से उत्तर प्रदेश में सत्ता से बेदखल चल रही कांग्रेस भी यह बात जानती है कि उत्तर प्रदेश में सपा ही उसकी बैसाखी बन सकती है। यही वजह है कि दोनों दल एक दूसरे को दोनों राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सीटों के बंटवारे में बड़ी हिस्सेदारी को लेकर तौल रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।