विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UPSSSC PET 2026: 23 से 25 अक्टूबर तक होगी परीक्षा, 26 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी होंगे शामिल

Published: Thu, 10 Sep 2026 04:41 AM (IST)

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 का आयोजन 23 से 25 अक्टूबर तक होगा, जिसमें ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. पीईटी-2026 परीक्षा 23, 24 और 25 अक्टूबर को होगी आयोजित।

  2. इस वर्ष 26 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने किया है आवेदन।

  3. पीईटी स्कोर की वैधता अब तीन वर्ष के लिए मान्य होगी।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 में इस बार 26 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। परीक्षा 23, 24 और 25 अक्टूबर को तीन दिन आयोजित की जाएगी। हर दिन दो पालियों में परीक्षा होगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक होगी। प्रवेश पत्र जारी किए जाने की तारीख और उससे संबंधित जानकारी आयोग की वेबसाइट पर अलग से जल्द जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के संबंध में आयोग की वेबसाइट देखते रहने की सलाह दी गई है।

पिछले वर्ष आयोजित पीईटी-2025 की तुलना में इस बार आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ी है। पीईटी-2025 के लिए 25 लाख 30 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें करीब 19 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। इस बार यह संख्या बढ़कर 26 लाख से अधिक है। पीईटी के स्कोर की वैधता पिछले वर्ष से बढ़ाकर तीन वर्ष कर दी गई है।

इसका मतलब है कि पीईटी में प्राप्त अंक के आधार पर अभ्यर्थियों को तीन वर्ष तक विभिन्न सरकारी विभागों में समूह ‘ग’ के पदों की मुख्य परीक्षा के लिए शार्टलिस्ट किया जा सकेगा। जिन अभ्यर्थियों ने पीईटी-2025 भी दिया था और इस बार पीईटी-2026 के लिए फिर आवेदन किया है, उनके लिए भी अधिक अंक वाला स्कोर मान्य होगा। यानी यदि किसी अभ्यर्थी के पीईटी-2026 में पिछले वर्ष की तुलना में अधिक अंक आते हैं तो शार्टलिस्टिंग के लिए उसके अधिक अंक वाले स्कोर को मान्यता दी जाएगी।

पिछले वर्ष की पीईटी के आधार पर आयोग अब तक 19 भर्ती विज्ञापन जारी कर चुका है। इन विज्ञापनों के माध्यम से करीब 25 हजार पदों पर भर्ती होनी है। इनमें से करीब 12 परीक्षाएं आयोजित भी की जा चुकी हैं। दिसंबर तक कई भर्ती परीक्षाएं प्रस्तावित हैं।

यह भी पढ़ें- लखनऊ: आईएएस दुर्गा शक्ति नागपाल पर अवमानना केस; 22 सितंबर को होगी सुनवाई