UP PET परीक्षा में 35.41 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल, AI चश्मे से लेकर ब्लूटूथ डिवाइस पर रहेगी नजर
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की पीईटी-2026 में नकल रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल, ब्लूटूथ और एआइ चश्मे तक की सघन जांच होगी।

तस्वीर- फाइल।
HighLights
पीईटी 2026 में नकल रोकने को सख्त उपाय।
मोबाइल, ब्लूटूथ, एआइ चश्मे की होगी सघन जांच।
35.41 लाख अभ्यर्थी 60 जिलों में देंगे परीक्षा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित होने वाली प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 में नकल रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस और एआइ चश्मे तक की सघन जांच होगी।
35,41,297 अभ्यर्थियों के शामिल होने वाली परीक्षा को निष्पक्ष और नकलविहीन कराने के लिए मुख्य सचिव एसपी गोयल ने जिलाधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
बुधवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हुई साप्ताहिक समीक्षा बैठक में उन्होंने परीक्षा केंद्रों और कोषागारों के सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी करने तथा सभी कार्मिकों को प्रशिक्षण देने पर जोर दिया।
पीईटी 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और एक नवंबर को प्रदेश के 60 जिलों के 1,372 केंद्रों पर दो पालियों में होगी। अभ्यर्थियों की आवाजाही को देखते हुए रेलवे और बस स्टेशनों, प्रमुख मार्गों तथा परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम करने होंगे।
यह भी पढ़ें- पीईटी परीक्षा 2026 के लिए UPSSSC ने जारी की सिटी स्लिप, अभ्यर्थी चेक करें अपने-अपने शहर और परीक्षा केंद्र
महिला अभ्यर्थियों के लिए जरूरत के अनुसार हेल्प डेस्क और अभ्यर्थियों के ठहरने के लिए होल्डिंग एरिया बनाने के भी निर्देश दिए गए हैं। मुख्य सचिव ने एक से 30 नवंबर तक चलने वाले डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान का प्रचार बढ़ाने को कहा।
आधार आधारित फेस आथेंटिकेशन से पेंशनर्स स्मार्टफोन के जरिए घर बैठे जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकेंगे। इसके लिए जीवन प्रमाण और आधार फेस आरडी एप का उपयोग करना होगा।
बैठक में जल संचय-जन भागीदारी अभियान के लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत पात्र नागरिकों की आभा आइडी बनाने में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
यह भी पढ़ें- UPSSSC PET Exam City Slip 2026 Link: यूपी पीईटी सिटी इंटीमेशन स्लिप यहां से करें डाउनलोड, इन डेट्स में होना है एग्जाम
