Move to Jagran APP

UP Weather Today: आगरा में आग उगल रहा सूरज, कानपुर बना प्रदेश का सबसे गर्म शहर, जानिए आज कैसा रहेगा यूपी का मौसम

UP Weather Update यूपी में मौसम का मिजाज बदल गया है। रविवार को प्रदेश के कई जिलों में भयंकर गर्मी पड़ने के आसार हैं। लोगों को दिन में गर्मी ने बेचैन किया तो वही रात में भी राहत नहीं मिली। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 30 से 40 किलोमीटर की गति से हवाएं चल सकती हैं। सूरज आगामी दिनों में तेवर तो दिखाएगा ही लू भी बेहाल करेगी।

By Jagran News Edited By: Vivek Shukla Sun, 19 May 2024 07:34 AM (IST)
UP Weather Today: आगरा में आग उगल रहा सूरज, कानपुर बना प्रदेश का सबसे गर्म शहर, जानिए आज कैसा रहेगा यूपी का मौसम
यूपी में गर्मी से लोगों का हाल बेहाल हो गया है। जागरण

 डिजिटल डेस्‍क, लखनऊ। (UP Weather Update) उत्‍तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फ‍िर करवट बदली है। बीते कई दिनों से तापमान में कमी देखी जा रही थी लेकिन अब फ‍िर से तापमान ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। आने वाले चार-पांच दिनों में तापमान 45 पार जा सकता है। आइए जानते हैं कि आज रविवार को यूपी का मौसम कैसा रहेगा।

आग उगल रहा सूरज, न दिन में चैन न रात में आराम

आगरा में सूरज के तेवरों ने जिले में लोगों को बेहाल कर दिया है। अधिकतम तापमान शनिवार को 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शुक्रवार के 46.9 डिग्री सेल्सियस से थोड़ा ही कम था। सूरज के लगातार आग बरसाने से लोगों को न तो दिन में चैन मिल रहा है और न रात में आराम। दोपहर में लू चलने से शहरवासी बेहाल रहे।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 21 मई तक लू का प्रकोप शहरवासियों को झेलना होगा। आगामी सप्ताह में गर्मी से राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। शनिवार को सुबह से ही सूरज के तेवर तीखे नजर आए। दिन चढ़ने के साथ धूप भी तेज होती गई। सुबह का तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य तापमान से 1.9 डिग्री सेल्सियस अधिक था।

आगरा प्रदेश के जिलों में दूसरे नंबर पर रहा। सर्वाधिक गरम शहर कानपुर (46.9 डिग्री सेल्सियस) रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी सप्ताह में शहरवासियों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद बहुत कम है। 21 मई तक दोपहर में लू का सामना शहरवासियों को करना पड़ेगा। अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

पारा पहुंचा 42 डिग्री सेल्सियस के पार

बरेली में शनिवार को जिले का तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से चार डिग्री अधिक था। ऐसा सिर्फ शनिवार को नहीं बल्कि इससे ज्यादा तापमान आगामी दिनों में होने की पूरी संभावना है। यह बात मौसम विभाग के आंकड़े बता रहे हैं।

इसे भी पढ़ें- गोरखपुर विश्वविद्यालय में कानूनगो की तबीयत बिगड़ी, लोकसभा चुनाव में लगी थी ड्यूटी

इतने अधिक तापमान में लोगों को लू लगना, डिहाइड्रेशन जैसी तमाम समस्याएं हो सकती है। कई बार लोगों की जान भी इससे चली जाती है। इससे बचने के लिए सबसे ज्यादा जरूरी है कि लोगों को अपना सिर को धूप से बचाकर रखना चाहिए। अगर सिर धूप से बचा रहा तो लू लगने की संभावना काफी कम हो जाएगी।

जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डा. अजय मोहन अग्रवाल बताते हैं कि हमारे शरीर का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस होता है। यदि यह इससे ज्यादा होता है तो समस्या शुरू हो जाती है। पूरे शरीर के अंग अधिक तापमान की वजह से प्रभावित होना शुरू हो जाते है। समय पर तापमान को कम नहीं किया गया तो मनुष्य की मृत्यु भी हो सकती है।

गर्मियों में धूप की वजह से शरीर का तापमान का बढ़ने लगता है। जिस वजह से चक्कर आना, बेहोशी होना जैसी समस्याएं होती है। इसी को लू लगना कहा जाता है। लू क्यों लगती है सवाल पर डाक्टर अजय मोहन बताते हैं कि हमारे दिमाग में हाइपोथैलेमस होता है। इसे दिमाग का ही एक पार्ट कहा जाता है। इसका काम होता है शरीर के तापमान को नियंत्रित करना।

चाहें कितनी भी सर्दी हो या कितनी भी गर्मी जब तक हमारा हाइपोथैलेमस सही से काम करता रहेगा तब तक शरीर का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस बना रहेगा। सिर पर अधिक लगने की वजह से कई बार हाइपोथैलेमस गड़बड़ा जाता है। दिमाग से उसका नियंत्रण हटने लगता है और फिर शरीर का तापमान बढ़ना शुरू हो जाता है। जब शरीर का तापमान बढ़ता है तो लू लगती है।

इसलिए कहा जाता है कि तेज धूप में बाहर निकलने से पहले सिर को ढक कर चलें। क्योंकि अगर तेज धूप लगने से हाइपोथैलेमस में दिक्कत आई तो लू लगना लगभग तय है।

इसे भी पढ़ें- डॉ रामसमुझ सबसे अधिक पढ़े-लिखे, रवि किशन इंटर, काजल निषाद आठवीं पास

लू से बचने के लिए क्या करें

- तेज धूप में घर से बाहर न निकलें, खासकर दोपहर 12 बजे से दोपहर तीन बजे तक

- बिना प्यास लगने पर भी पानी पीते रहें

- हल्के रंग के ढीले और सूती कपड़े पहने

- धूप का चश्मा जूते चप्पल पहनकर निकले

- शराब, चाय, काफी जैसे पेय पदार्थाें का इस्तेमाल न करें

- बाहर निकले तो टोपी, गमझा या छाते का इस्तेमाल करें

- गीले कपड़े को अपने सिर, गदर्न और चेहरे पर रखें

- तबीयत ठीक नहीं लगने या फिर चक्कर आने पर डाक्टर से संपर्क करें

गोरखपुर में 21 से छाएंगे बादल

गोरखपुर में बीते चार दिन से पड़ रही भीषण गर्मी ने गोरखपुर और आसपास के क्षेत्र में रहने वाले लोगों का जीवन दूभर कर दिया है। पर इस बीच राहत की खबर यह है कि 21 मई से बादलों के छाने और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा होने की वायुमंडलीय परिस्थितियां बन गई हैं। इसके लिए जम्मू-कश्मीर के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है।

गोरखपुर में रविवार को मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। देवरिया और बस्ती में छिटपुट बादल छाए रहने के बावजूद भीषण गर्मी पड़ने का पूर्वानुमान है। मेरठ में मौसम विभाग के अनुसार गर्मी का प्रकोप बना रहेगा। इसके अलावा आर्द्रता 24 प्रतिशत रहेगी।

कानपुर में 29 साल बाद प्रचंड गर्मी का रिकार्ड

कानपुर में बढ़ती गर्मी ने शनिवार को 29 साल का रिकार्ड तोड़ दिया। 1995 के बाद पहली बार 18 मई को दिन का तापमान 44.8 डिग्री पर पहुंचा है। एयरफोर्स स्टेशन पर तो तापमान 46.9 डिग्री दर्ज किया गया है। तापमान में पिछले पांच दिन से हो रही अप्रत्याशित वृद्धि से मौसम विज्ञानी भी हैरत में हैं। 25 मई से शुरू हो रहे नौतपा तक तापमान में राहत की उम्मीद भी नहीं दिख रही है।

सीजन का सबसे गर्म दिन, 45.4 डिग्री पहुंचा पारा

प्रयागराज में लू के थपेड़ों ने प्रयागराज का पारा सातवें आसमान पर चढ़ा दिया। धधकते सूरज के कारण आसमान से ऐसी आग बरसी की लोगों का चेहरा झुलसने लगा। सड़कों पर पैदल चलने वालों के जूते गर्म हो गए और डामर की सड़कें नर्म पड़ गईं।

सड़कों पर सन्नाटा पसर गया और बाइक सवारों ने गर्मी से बचने के लिए रेड लाइट तक की परवाह नहीं की। शनिवार को सीजन का सबसे गर्म दिन रहा तो रात भी सीजन में सबसे ज्यादा तपी। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।

प्रचंड गर्मी का अलर्ट, तापमान 44 के निकट पहुंचा

वाराणसी में सूरज की तल्खी लोगों का पसीना छुड़ा रही है। धूप में बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। शनिवार को गर्मी अधिक बढ़ गई। अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। गर्मी के चलते हर कोई परेशान हो उठा।

मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिनों में गर्मी और बढ़ेगी। 18, 19 व 20 मई को प्रचंड गर्मी का अलर्ट जारी हुआ है। तीन हीट वेव के चलते लोगों को परेशानी होगी। तापमान 45 डिग्री से पार होने की संभावना है। 25 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चलेगी।

मौसम विज्ञानी और बीएचयू जीओ फिजिक्स विभाग के पूर्व प्रोफेसर सुरेन्द्र नाथ पांडेय ने बताया कि गर्मी में हर दिन वृद्धि होगी। मौसम साफ रहेगा लेकिन गर्म हवा से लोगोें को परेशानी होगी।