UP Weather Today: बादलों की होगी 'एंट्री' या सताएगी उमस? जानिए आज लखनऊ सहित प्रदेशभर में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
उत्तर प्रदेश में आज (16 सितंबर) से मौसम में बदलाव की संभावना है, जहां पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई ...और पढ़ें

AI Image
HighLights
पूर्वी और पश्चिमी यूपी में आज बारिश की संभावना है।
बारिश वाले क्षेत्रों में गर्मी से राहत, अन्यत्र उमस बढ़ेगी।
19 सितंबर से पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क होगा।
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम का रुख एक बार फिर बदलने की दहलीज पर है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज (16 सितंबर) पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बादल मेहरबान हो सकते हैं। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश या बौछारें पड़ने की प्रबल संभावना जताई गई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जहां बारिश की बौछारें पड़ेंगी, वहां तापमान गिरकर लोगों को गर्मी से राहत दिलाएगा। हालांकि, जिन जिलों में बादलों की आवाजाही के बावजूद बारिश नहीं होगी, वहां तेज धूप और हवा में मौजूद नमी के चलते तीखी उमस परेशान कर सकती है।
17 और 18 सितंबर को राज्य के पूर्वी व पश्चिमी दोनों संभागों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। वहीं 19 सितंबर से पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क होने लगेगा और आसमान साफ रहेगा, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बौछारें गिर सकती हैं।
सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग ने बारिश और वज्रपात (बिजली गिरने) के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। किसी भी खुले मैदान, पेड़ या जलभराव वाले स्थान के पास खड़े होने से बचें। फिलहाल राहत की बात यह है कि प्रदेश के किसी भी जिले में भारी बारिश का कोई गंभीर अलर्ट नहीं है।
संभावित बारिश वाले जिले
पश्चिमी यूपी में मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा (गौतम बुद्ध नगर), बागपत, बिजनौर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बरेली, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, रामपुर, आगरा, मथुरा, झांसी और जालौन में बारिश की संभावना है।
यह भी पढ़ें- आज से लखनऊ स्टेशन नहीं आएंगी 14 ट्रेनों, ऐशबाग व उतरेटिया होकर चलेंगी 38 ट्रेनें
वहीं पूर्वी यूपी में गोरखपुर, बस्ती, संत कबीर नगर, गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, देवरिया, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, सीतापुर, हरदोई, कन्नौज, खीरी, प्रयागराज, मिर्जापुर और फतेहपुर में बारिश के आसार हैं।
यह भी पढ़ें- 'यूसीसी मतलब 'अंडरग्राउंड कम्युनल कांस्पिरेसी', अखिलेश यादव ने अमित शाह पर साधा निशाना
