Move to Jagran APP

UP Weather Today: गोरखपुर में गरज के साथ बारिश के आसार, आगरा में भी गर्मी से राहत, जानिए आज यूपी के मौसम का हाल

UP Weather Update यूपी में मौसम का मिजाज बदल गया है। बुधवार को प्रदेश के कई जिलों में गरज के साथ बौछारें पड़ने से लोगों को बड़ी राहत मिली है। वहीं कई जिलों में गुरुवार को तेज हवाएं भी चल सकती हैं। 13 मई तक लगातार गरज के साथ बौछारें पड़ने के आसार है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 30 से 40 किलोमीटर की गति से हवाएं चल सकती हैं।

By Jagran News Edited By: Vivek Shukla Published: Thu, 09 May 2024 07:31 AM (IST)Updated: Thu, 09 May 2024 07:36 AM (IST)
रिमझिम बारिश में घर जाते बच्चे। जागरण

 डिजिटल डेस्‍क, लखनऊ। (UP Weather Update) उमस भरी गर्मी में मौसम का मिजाज बदल गया है। बुधवार को प्रदेश के कई जिलों में गरज के साथ बौछारें पड़ने से लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। वहीं गुरुवार को भी गोरखपुर सहित अन्‍य जिलों में तेज हवाएं चल रही हैं। 13 मई तक लगातार गरज के साथ बौछारें पड़ने के आसार है।

loksabha election banner

आगरा में गर्मी से राहत, दिन भर चली हवा

प्रदेश में मंगलवार को सबसे गरम शहर रहे आगरा में बुधवार को हवा ने शहरवासियों को राहत दी। दिनभर हवा चलने से अधिकतम तापमान में गिरावट आई। आगरा प्रदेश के गरम शहरों में तीसरे स्थान पर रहा। मौसम विभाग ने गुरुवार व शुक्रवार को बूंदाबांदी का पूर्वानुमान जताया है।

मंगलवार को आगरा में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। सीजन का सबसे गरम दिन रहा था। दिनभर गरम हवा चलती रही थी, जिससे गर्मी से लोग बिलबिला उठे थे।

घर से बाहर निकलना दूभर हो गया था और दोपहर 12 से शाम पांच बजे तक मतदान केंद्रों पर सन्नाटा पसरा नजर आया था। रात को मौसम में बदलाव देखने को मिला था।

इसे भी पढ़ें- पीएम मोदी के रोड शो में बीएचयू से विश्वनाथ धाम तक बरसेंगे फूल, हजारों कार्यकर्ताओं की रहेगी भागीदारी

साइक्लोनिक सर्कुलेशन से मई में गिरा रहा तापमान, हफ्ते भर राहत

बरेली में मई का महीना...जिसमें लगातार तापमान बढ़ता और गर्मी चरम पर जाना शुरू कर देती हैं। मगर इस बार ऐसा नहीं हुआ, मई के शुरूआत में तापमान बढ़ने की जगह उल्टा गिरता जा रहा है। जिसकी वजह से लोगों को राहत तो मिल रही है, लेकिन वह इसका कारण नहीं समझ पा रहे हैं।

मौसम विज्ञानी बताते हैं कि यह मौसम किसी और कारण से नहीं बल्कि साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से हो रहा है। मौसम विज्ञानी अतुल कुमार बताते हैं कि साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवाती परिसंचरण) में हवा की गति बढ़ जाती है। इस दौरान हवाएं एंटी क्लोक वाइज यानी घड़ी की विपरीत दिशाओं में घूमती हैं। चूंकि यह हवाएं पूर्वा हवा होती है जो हमेशा ठंडी होती हैं। इसलिए तापमान में गिरावट दर्ज की जाती है।

बता दें कि पिछले तीन दिनों में जिले में करीब पांच डिग्री तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से अधिक था। जबकि बुधवार को अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस ही रह गया।

मौसम विज्ञानी बताते हैं कि अगले आठ दिनों तक लोगों को भीषण गर्मी का प्रकोप नहीं झेलना होगा जो काफी राहत की बात है। बरेली में गुरुवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है। वहीं मुरादाबाद व आसपास के क्षेत्रों में दिन में कभी-कभार बादल घिरे रहेंगे, धूप निकलेगी।

गोरखपुर में गुरुवार को बादल छाएंगे। आंधी के साथ गरज-चमक के बीच बूंदाबांदी से लेकर हल्की वर्षा हो सकती है। देवरिया और बस्ती में भी बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा होने का पूर्वानुमान है।

इसे भी पढ़ें- LKG छात्र की याचिका पर कोर्ट ने शराब दुकान का नवीनीकरण रोका, कहा-ठेका देने के बाद बना स्कूल तो 2025 के बाद न बढ़ाएं अवधि

कानपुर में हल्की बूंदाबांदी से बदला मौसम , तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री नीचे

पूर्वी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्र में हुई वर्षा का असर बुधवार को कानपुर में हल्की बूंदाबांदी के तौर पर दिखाई दिया । हवा में मौजूद नमी भी बढ़कर 69 प्रतिशत तक पहुंच गई। सुबह का औसत तापमान 4. 5 डिग्री नीचे गिरा तो दिन में अधिकतम तापमान भी सामान्य से 5.1 डिग्री गिर गया।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार अब गुरुवार को उमस वाली गर्मी बढ़ने के आसार हैं। बुधवार सुबह से शहर का मौसम अचानक बदल गया। बादलों की मौजूदगी के साथ गर्जना भी होती रही और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। इससे हवा के झोंकों में शीतलता बढ़ गई । न्यूनतम तापमान एक दिन पहले के 25.6 से गिरकर 24 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय की मौसम वेधशाला में बुधवार सुबह 9:00 बजे का तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया है जबकि एक दिन पहले मंगलवार को सुबह 9:00 बजे 33.5 डिग्री सेल्सियस रहा है। मौसम विज्ञानी डा एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मौसम में बदलाव की वजह बंगाल की खाड़ी से आ रही नाम हवा से बना मानसून पूर्व का सिस्टम है।

इसकी वजह से पूर्वी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्र में वर्षा हुई है। इसका असर कानपुर के मौसम पर भी पड़ा है। यहां भी बादल छाए हुए हैं लेकिन गुरुवार को दिन में तेज धूप निकलने की संभावना है। इससे दिन में उमस वाली गर्मी रहेगी।

मेरठ में 10 को प्री मानसून बरसात की संभावना

मेरठ में बादलों की आवाजाही और नमी बढ़ने से बुधवार को तापमान में कमी आई। लेकिन उमस भरी गर्मी ने दोपहर को परेशान किया। मौसम विभाग ने 10 से 12 तक हल्की बरसात की संभावना जताई है। वहीं निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट ने 10 और 13 को प्री मानसून बरसात की संभावना व्यक्त है।

गुरुवार को धूलभरी हवाएं चल सकती हैं। 14 से गर्मी का प्रकोप फिर से शुरु हो जाएगा। इस बीच भी तापमान आंशिक रूप से कम भले ही हो लेकिन उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। मई में अभी तक बरसात नहीं हुई है। जिसके चलते गर्मी का प्रकोप बना हुआ है।

प्रयागराज में दो दिन में आठ डिग्री लुढ़क गया पारा

दो दिन पहले प्रचंड गर्मी के कारण प्रयागराज पारा 44 डिग्री पहुंच गया था पर इसके बाद मौसम ने ऐसी करवट ली कि अधिकतम तापमान आठ डिग्री और न्यूनतम तापमान तीन डिग्री लुढ़क गया। बुधवार बादलों की मौजूदगी और जगह-जगह हुई बूंदाबांदी के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री नीचे रहते हुए 36 डिग्री सेल्सियस तक आ गया।

वहीं न्यूनतम तापमान भी लुढ़ककर 4.8 डिग्री सेल्सियस आ गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम था। गर्मी से राहत का दौर अभी एक सप्ताह चलेगा और इस दौरान दिन में तापमान 37 से 40 डिग्री के बीच बना रहेगा।

वाराणसी में 35 डिग्री पहुंचा तापमान, बादलों ने पहुंचाई राहत

वाराणसी में बादलों ने डेरा डाल लिया है, इसके कारण तापमान में गिरावट हुई है। बुधवार को अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। एक सप्ताह पहले पारा 43 के पार रहा। दोपहर में हल्की बूंदाबादी भी हुई।

मौसम विज्ञानी गुरुवार व शुक्रवार को बारिश का अनुमान लगा रहे हैं। 12 मई तक मौसम यही रहेगा। गरज के साथ बारिश हो सकती है। ऐसे में अगले कुछ दिनों में लोगों को राहत मिल सकती है।

बीएचयू के जिओ फिजिक्स के पूर्व प्रोफेसर सुरेन्द्र नाथ पांडेय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव दिखाई पड़ा है लेकिन अगले सप्ताह में दोबारा गर्मी लोगों को परेशान करेगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.