यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले वोटर बनने का जबरदस्त क्रेज, दो दिन के विशेष अभियान में जमा हुए 6.40 लाख फॉर्म
विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए युवाओं और महिलाओं में भारी उत्साह देखा गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
दो दिन के विशेष अभियान में 6.40 लाख फॉर्म-6 जमा।
गाजियाबाद नए मतदाता जोड़ने में प्रदेश में सबसे आगे रहा।
28 और 29 नवंबर को फिर चलेगा विशेष अभियान दिवस।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची में जगह बनाने के लिए युवाओं और महिलाओं ने जोरदार दस्तक दी है। मतदाता बनने के लिए विशेष अभियान के दो दिनों 21 व 22 नवंबर को प्रदेशभर से 6.40 लाख फॉर्म-6 जमा हुए हैं। रविवार को तो नया रिकॉर्ड बन गया, जब एक ही दिन में 3,99,218 नागरिकों ने मतदाता बनने के लिए आवेदन किया। यह संख्या शनिवार के मुकाबले 65.6 प्रतिशत अधिक रही है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि 17 से 23 नवंबर के बीच मिले कुल 10,39,836 फॉर्म-6 का 61.6 प्रतिशत है। अभियान के दौरान प्रतिदिन औसतन करीब 3.20 लाख फॉर्म-6 प्राप्त हुए, जबकि इससे पहले 17 से 20 नवंबर तक रोजाना औसतन करीब 53,805 आवेदन ही मिल रहे थे। खास बात यह रही कि अभियान समाप्त होने के अगले दिन 23 नवंबर को भी 1,84,379 फॉर्म-6 प्राप्त हुए।
जिलों में नए मतदाताओं को जोड़ने के मामले में गाजियाबाद सबसे आगे रहा। यहां 17 से 23 नवंबर के बीच प्रति मतदेय स्थल औसतन 19.67 फॉर्म-6 प्राप्त हुए। खीरी 15.24 के साथ दूसरे और बाराबंकी 11.18 के साथ तीसरे स्थान पर रहा। संभल 10.19 के औसत के साथ चौथे स्थान पर है।
शीर्ष पांच जिलों में आगरा भी शामिल है। इसके उलट बदायूं में प्रति मतदेय स्थल औसतन महज 2.40 फॉर्म-6 मिले। जौनपुर 2.52 और झांसी 2.59 के साथ निचले पायदान पर रहे। कुल 47 जिलों का प्रदर्शन राज्य औसत 5.99 फॉर्म-6 प्रति मतदेय स्थल से कम रहा।
विधानसभा क्षेत्रवार प्रदर्शन में भी गाजियाबाद का दबदबा रहा। गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र 24.28 फॉर्म-6 प्रति मतदेय स्थल के औसत के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर रहा। लोनी 22.47 के साथ दूसरे और मुरादनगर 21.23 के साथ तीसरे स्थान पर रहा। शीर्ष दस विधानसभा क्षेत्रों में पांच गाजियाबाद और चार खीरी जिले के हैं। सबसे निचले पायदान पर बलरामपुर की गैसड़ी विधानसभा सीट रही, जहां प्रति मतदेय स्थल औसतन सिर्फ 1.59 फॉर्म-6 मिले हैं।
28 व 29 को फिर चलेगा अभियान
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कम फॉर्म-6 प्राप्त करने वाले जिलों और विधानसभा क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए 28 और 29 नवंबर को फिर विशेष अभियान दिवस आयोजित होंगे। इन दोनों दिनों में सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ सुबह 10 से शाम चार बजे तक मौजूद रहेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।