विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी विधानसभा चुनाव: सहयोगी दलों की ज्यादा सीटों की डिमांड ने बढ़ाई BJP की टेंशन, कैसे सेट होगा बंटवारे का गणित?

Published: Tue, 24 Nov 2026 10:35 PM (GMT+05:30)

उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों के लिए भाजपा को अपने सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे को लेकर चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। निषाद पार्टी, सुभासपा, अपना दल-एस और रालोद जैसे दल अधिक सीटों की मांग कर रहे हैं।

सीएम योगी आदित्यनाथ। फोटो- सोशल मीडिया

सीएम योगी आदित्यनाथ। फोटो- सोशल मीडिया

HighLights

  1. सहयोगी दलों ने भाजपा से 30-40 सीटों की मांग की।

  2. भाजपा को अपने उम्मीदवारों को समायोजित करने में चुनौती।

  3. निषाद पार्टी, सुभासपा, अपना दल-एस प्रमुख सहयोगी।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। तीसरी बार सत्ता पाने की कसरत में जुटी भाजपा अपने घर की ही समस्याओं में उलझती नजर आ रही है। जहां पार्टी के अंदर टिकट मांगने वालों की संख्या बढ़ रही, वहीं सहयोगी दलों ने ज्यादा सीटें मांगकर भाजपा का गणित उलझा दिया है। 23 नवंबर को लखनऊ में भाजपा की कोर कमेटी की सहयोगी दलों की सीटों का विषय पर चर्चा हुई।

निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एव मंत्री संजय निषाद ने हाल में गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की, वहीं सुभासपा (सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी) के प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने समय मांगा है। केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की अगुआई वाली पार्टी अपना दल-एस और जयंत चौधरी के राष्ट्रीय लोकदल ने भी अपना कोटा बढ़ाने की मांग की है।

फार्मूेलों से हल निकालने का प्रयास 

वहीं, भाजपा घटक दलों को नाराज नहीं करना चाहती। अपने विधायकों की राजनीतिक जमीन भी बचाने की चुनौती है। ऐसे में ‘सिंबल हमारा, प्रत्याशी आपका’ जैसे फार्मूेलों से भी हल निकालने का प्रयास है।

2022 के विधान सभा में भाजपा ने 376 सीटों पर चुनाव लड़ा था। अपना दल-एस को 17, जबकि निषाद पार्टी को दस सीटें दी गई। इस साल गठबंधन की शक्ल अलग थी, जहां सपा नेे रालोद को 33 और सुभासपा को 19 सीटों पर चुनाव लड़ाया। अगर इन दलों की सीटों को जोड़ दिया जाए तो भाजपाइयों के सामने अपनों को समायोजित करने की चुनौती होगी। लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) की मांगों को शामिल कर लें भाजपा का गणित और उलझेगा।

लेकिन हाल के दिनों में सभी घटक दलों की चाल बदली है। संजय निषाद आरक्षण के नाम पर लगातार भाजपा को घेर रहे हैं। वह कई बार कह चुके हैं कि भाजपा नहीं सुनेगी तो दूसरे दरवाजे जाना होगा। सुभासपा पिछड़ी जातियों के आरक्षण के मुद्दे को उठाती रही है।

ओमप्रकाश राजभर अपनी सीटों को बढ़ाने की मांग रख चुके हैं। लखनऊ में आयोजित पार्टी के सम्मेलन में अनुप्रिया पटेल ने साफ किया कि पार्टी एनडीए में अपनी भागीदारी बढ़ाने पर जोर लगाएगी। कई सीटों पर निषाद पार्टी एवं सुभासपा दाेनों की नजर है।

आजमगढ़ की अतरौलिया, गोरखपुर की चौरीचौरा, जौनपुर की शाहगंज एवं आजमगढ़ की दीदारगंज सीटों पर निषाद पार्टी एवं सुभासपा दोनों ने दावा ठोककर भाजपा की चिंता बढ़ाई है। 2022 में अपना दल-एस ने 17 में से 12 सीटें जीतकर 70 प्रतिशत का स्ट्राइक, जबकि निषाद पार्टी दस में छह जीतकर 60 प्रतिशत का स्ट्राइक रेट निकाला। सुभासपा ने 19 में छह सीटें जीतकर 32 प्रतिशत, जबकि रालोद ने 33 में आठ सीटें जीतकर 24 प्रतिशत का स्ट्राइक रेट हासिल किया।

यह भी पढ़ें- समाजवादी पार्टी ने की विधानसभा चुनाव के 5 प्रत्याशियों की घोषणा, उमर अली समेत इन दिग्गजों के नाम शामिल

अब निषाद पार्टी, सुभासपा, रालोद एवं अपना दल-एस ने विभिन्न समीकरणों के आधार पर 30 से 40 सीट तक मांगा है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि अब रालोद एवं सुभासपा के भाजपा के साथ आने से उन्हें सीटें तो ज्यादा मिलना आसान नहीं, लेकिन कई सीटों पर जीत की गुंजाइश बेहतर रहेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बताया कि सभी सहयोगी दलों से सम्मानजनक वातावरण में बातचीत हो रही है। सर्वमान्य फार्मूला निकल जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।