वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने और संशोधन का मौका, रविवार को भी बूथों पर मौजूद रहेंगे BLO
उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को पहला विशेष अभियान चला। लोग मतदान केंद्रों पर अपना नाम जांचने और संशोधन व नए पंजीकरण के लिए फॉर्म भरने पहुंचे, यह अभियान रविवार को भी जारी रहेगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
मतदाता सूची पुनरीक्षण का विशेष अभियान शनिवार को शुरू।
नागरिकों ने मतदान केंद्रों पर नाम जांचे, संशोधन फॉर्म भरे।
बीएलओ रविवार को भी बूथों पर, दावे 16 दिसंबर तक।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के तहत पहला विशेष अभियान शनिवार को मतदान केंद्रों पर आयोजित किया गया। लोगों ने केंद्रों पर पहुंचकर ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम जांचा। जिनके नाम सूची में नहीं थे, उन्होंने मतदाता बनने के लिए फार्म भरे।
अभियान रविवार को भी प्रदेश में चलेगा। सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 से शाम चार बजे तक ड्राफ्ट मतदाता सूची के साथ ही मतदाता बनने, नाम हटवाने और संशोधन कराने के फार्मों के साथ मौजूद रहेंगे।
एक जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई है, जो 16 दिसंबर तक चलेगी। इस बीच मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष अभियान दिवस 22 नवंबर (रविवार), 28 नवंबर (शनिवार) और 29 नवंबर (रविवार) को भी आयोजित होंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को विशेष अभियान दिवसों आयोजन व्यवस्थित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोगों से ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम जांचने की अपील की। कहा कि नाम नहीं होने पर पंजीकरण के लिए फार्म-छह, नाम हटाने व आपत्ति के लिए फार्म-सात और संशोधन के लिए फार्म-आठ भरकर आवेदन करें।
दूसरी तरफ, शनिवार को विशेष अभियान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में 60 करोड़ से बनेगा ईडी का नया हाईटेक दफ्तर, निदेशक राहुल नवीन करेंगे भूमि पूजन
संयुक्त मुख्य निर्वाचन आयुक्त अमित सिंह ने बाराबंकी व गरिमा स्वरूप ने आगरा में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार ने जालौन तथा विशेष कार्याधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने अयोध्या में मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।