विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का एक और मौका, उत्तर प्रदेश में 28 और 29 नवंबर को चलेगा विशेष अभियान

Published: Mon, 23 Nov 2026 04:00 AM (GMT+05:30)

निर्वाचन आयोग उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे नागरिकों को 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस के तहत एक और मौका दे रहा है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. 28-29 नवंबर को मतदाता सूची पंजीकरण का विशेष अभियान।

  2. प्रदेश के 1.73 लाख बूथों पर बीएलओ रहेंगे मौजूद।

  3. फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण या ऑनलाइन आवेदन की सुविधा।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए नागरिकों को निर्वाचन आयोग एक और मौका देने जा रहा है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत अब 28 और 29 नवंबर को प्रदेशभर में विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश के 1.73 लाख बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे।

ऐसे नागरिक, जो 21 और 22 नवंबर को आयोजित अभियान में किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके, वे अगले सप्ताह इन दोनों दिनों में मतदाता सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम जांचने के साथ ही नाम न होने पर फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण करा सकेंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होना मतदान के लिए जरूरी है। इसलिए सभी पात्र नागरिक समय रहते अपना पंजीकरण सुनिश्चित कराएं। विशेष अभियान दिवसों में बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक बूथों पर उपलब्ध रहेंगे। उनके पास ड्राफ्ट मतदाता सूची के साथ फार्म-6, 7 और 8 भी पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेंगे।

वहीं, रविवार को आयोजित विशेष अभियान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने भी जिलों में पहुंचकर बीएलओ की उपस्थिति, आवेदन फार्मों की उपलब्धता, बूथ लेवल एजेंटों की सहभागिता और मतदाता सहायता डेस्क की स्थिति जांची।

निरीक्षण के दौरान खासतौर पर युवाओं और महिलाओं के पंजीकरण, घर-घर संपर्क, बीएलओ से फोन पर संपर्क की सुविधा 'बुक ए कॉल विद बीएलओ' के लंबित मामलों और 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ मतदाताओं की पहचान की समीक्षा की गई। बीएलओ को निर्देश दिए गए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से छूटने न पाए और लंबित आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जांचने के लिए बूथ पर जाने के अलावा आनलाइन सुविधा भी उपलब्ध है। नागरिक निर्वाचन आयोग के पोर्टल (voters.eci.gov.in) या ईसीआईनेट मोबाइल एप के माध्यम से अपना और परिवार के सदस्यों का नाम देख सकते हैं।

नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 और मतदाता विवरण में संशोधन अथवा पता बदलने के लिए फार्म-8 भरा जा सकता है। इसके लिए विशेष अभियान दिवस का इंतजार करना भी जरूरी नहीं है। निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- CNG के बढ़ गए दाम, PNG ने भी जारी की नई रेट लिस्ट; यूपी के 5 शहरों में गैस हुई महंगी



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।