विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CNG के बढ़ गए दाम, PNG ने भी जारी की नई रेट लिस्ट; यूपी के 5 शहरों में गैस हुई महंगी

Published: Sun, 22 Nov 2026 11:50 PM (GMT+05:30)Updated: Mon, 23 Nov 2026 12:02 AM (GMT+05:30)

सर्दियों में मांग बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति अनिश्चितता के कारण ग्रीन गैस लिमिटेड ने यूपी के पांच शहरों में सीएनजी और पीएनजी की कीमतें बढ़ा दी हैं। 

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. सीएनजी और पीएनजी की कीमतें ₹2 और ₹1 प्रति यूनिट बढ़ीं।

  2. लखनऊ, आगरा, उन्नाव, अयोध्या, सुलतानपुर में नई दरें लागू।

  3. सर्दियों में बढ़ती मांग और वैश्विक आपूर्ति अनिश्चितता मुख्य कारण।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। सर्दियों में प्राकृतिक गैस की मांग बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता के चलते गैस की कीमतों में बढ़ोतरी हो गई है। ग्रीन गैस लिमिटेड (जीजीएल) ने सीएनजी और पीएनजी की खुदरा कीमतें बढ़ा दी हैं।

रविवार 22 नवंबर की सुबह छह बजे से नई दरें लागू हो गई हैं। सीएनजी के दाम में दो रुपये प्रति किलो और घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) में एक रुपये प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (एससीएम) की वृद्धि की गई है।

लखनऊ में अब सीएनजी के लिए वाहन चालकों को 108 रुपये के बजाय 110 रुपये प्रति किलो चुकाने होंगे। वहीं, घरों में पाइपलाइन से पहुंचने वाली पीएनजी की कीमत 56.50 रुपये से बढ़कर 57.50 रुपये प्रति एससीएम हो गई है। कीमतों में बढ़ोतरी से वाहन चालकों के साथ घरेलू रसोई का बजट भी प्रभावित होगा।

पांच शहरों में बढ़े दाम

ग्रीन गैस लिमिटेड की ओर से जारी नई दरों के अनुसार आगरा में भी सीएनजी 108 रुपये से बढ़कर 110 रुपये प्रति किलो हो गई है। उन्नाव में सीएनजी की कीमत 105 रुपये से बढ़कर 107 रुपये प्रति किलो कर दी गई है।

अयोध्या और सुलतानपुर में सीएनजी अब 106 रुपये के बजाय 108 रुपये प्रति किलो मिलेगी। पीएनजी की दरों में भी सभी शहरों में एक रुपये प्रति एससीएम की वृद्धि की गई है। आगरा में नई दर 57.50 रुपये, उन्नाव में 57 रुपये और अयोध्या व सुलतानपुर में 58.50 रुपये प्रति एससीएम होगी।

नई दरें इस प्रकार हैं (रुपये में)

शहर सीएनजी (प्रति किलो) पीएनजी (प्रति एससीएम)
लखनऊ 110 57.50
आगरा 110 57.50
उन्नाव 107 57
अयोध्या 108 58.50
सुलतानपुर 108 58.50

कंपनी के डीजीएम-मार्केटिंग प्रवीण सिंह के अनुसार सर्दियों में मांग बढ़ने और वैश्विक आपूर्ति की अनिश्चितताओं के कारण आरएलएनजी की खरीद लागत बढ़ी है। इसी के चलते सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में बदलाव किया गया है।

यह भी पढ़ें- यूपी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के लिए खुशखबरी, जनता उन्नति पार्टी ने बिना शर्त दिया समर्थन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।