उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड मिलकर विकसित करेंगे पर्यटन सर्किट, एमओयू होगा तैयार
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड धार्मिक व सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए संयुक्त पर्यटन सर्किट विकसित करेंगे।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह
HighLights
यूपी-उत्तराखंड संयुक्त धार्मिक-सांस्कृतिक पर्यटन सर्किट विकसित करेंगे।
नीम करौली बाबा सर्किट कैंची धाम तक विस्तारित होगा।
महाभारत सर्किट को भी पड़ोसी राज्य से जोड़ा जाएगा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को विस्तार देने के लिए अब उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड मिलकर पर्यटन सर्किट विकसित करने की तैयारी कर रहे हैं। इसके तहत प्रदेश के नीम करौरी बाबा सर्किट को उत्तराखंड के प्रसिद्ध कैंची धाम तक विस्तारित करने और महाभारत सर्किट को भी पड़ोसी राज्य के प्रमुख स्थलों से जोड़ने का प्रस्ताव है।
इसके लिए दोनों राज्यों के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) की रूपरेखा तैयार हो रही है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने इसकी तैयारी जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
बुधवार को पर्यटन निदेशालय में हुई बैठक में पर्यटन मंत्री ने निर्देश दिए कि क्रियान्वयन की बाधाओं को दूर कर सभी लंबित परियोजनाओं को तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए। विभाग के पर्यटन अनुसंधान, आंकड़ा एवं दस्तावेजीकरण प्रकोष्ठ के माध्यम से शोधार्थियों की तैनाती का प्रस्ताव रखा गया।
पर्यटन स्थलों पर प्रामाणिक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए शिलालेखों पर क्यूआर कोड लगाने के निर्देश भी दिए गए। अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने कहा कि शिलालेखों पर लिखी जाने वाली सामग्री विभागीय समिति से जांच के बाद ही अंतिम रूप में तैयार की जाए।
आगरा के फतेहपुर सीकरी में साउंड एंड लाइट शो की शुभारंभ की तिथि पर भी विचार किया गया, फिलहाल इसकी तारीख 19 नवंबर प्रस्तावित की गई है। बैठक में राज्य योजना के तहत तैयार की जा रही परियोजनाओं का परीक्षण जल्द पूरा कर प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए कहा गया।
लखनऊ में प्रस्तावित परंपरा भवन के लिए भूमि की उपलब्धता के प्रयास तेज करने और भदोही स्थित राही संपत्ति व झील महल रेस्टोरेंट के संचालन के लिए प्रबंधन अनुबंध की प्रक्रिया आगे बढ़ाने को कहा गया।
यह भी पढ़ें- बागपत में 300 करोड़ की लागत से बनेगा अंतरराष्ट्रीय योग एंड वेलनेस सेंटर, योगी कैबिनेट ने दी मंजूरी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।