बागपत में 300 करोड़ की लागत से बनेगा अंतरराष्ट्रीय योग एंड वेलनेस सेंटर, योगी कैबिनेट ने दी मंजूरी
कैबिनेट ने बागपत के पुरा महादेव क्षेत्र में 300 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अंतरराष्ट्रीय योग एवं वेलनेस सेंटर की संशोधित शर्तों को मंजूरी दे दी है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
बागपत में अंतरराष्ट्रीय योग एवं वेलनेस सेंटर को कैबिनेट मंजूरी मिली।
300 करोड़ की लागत से योग, ध्यान गतिविधियां संचालित होंगी।
स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। बागपत के पुरा महादेव क्षेत्र स्थित हरिया खेड़ा में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय योग एवं वेलनेस सेंटर का रास्ता साफ हो गया है। कैबिनेट ने बुधवार को विकास व संचालन की संशोधित शर्तों को स्वीकृति दे दी है। करीब 300 करोड़ रुपसे की लागत से विकसित होने वाले इस सेंटर में योग, प्राणायाम, ध्यान और प्रशिक्षण संबंधी गतिविधियां संचालित होंगी। एक साथ लगभग 10 हजार साधकों के योगाभ्यास की क्षमता होगी।
अब केंद्र के वित्तपोषण, निर्माण, संचालन और रखरखाव के लिए प्रतिस्पर्धात्मक प्रक्रिया के माध्यम से अनुभवी संस्था का चयन किया जाएगा। चयन में योग एवं वेलनेस सेंटर के संचालन, योग कार्यक्रमों के आयोजन, योग प्रशिक्षक प्रशिक्षण और वित्तीय क्षमता के साथ विकास संबंधी प्रस्तावों का मूल्यांकन किया जाएगा।
केंद्र में भोजनालय, कैफे और प्राथमिक उपचार जैसी सहायक सुविधाएं भी विकसित की जा सकेंगी। परियोजना के लिए वर्तमान में उपलब्ध 65.815 हेक्टेयर भूमि पर निविदा प्रक्रिया पूरी की जाएगी। कंसेशन एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर होने के बाद स्वीकृतियों, वित्तीय व्यवस्थाओं और निर्माण कार्यों को पूरा करने के लिए 45 महीने का समय निर्धारित किया गया है।
पैदा होंगे रोजगार के नए अवसर
परिसर की भूमि, भवन और स्थायी आधारभूत संरचना का स्वामित्व पर्यटन विभाग के पास ही रहेगा।पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि इस केंद्र के विकसित होने से स्थानीय युवाओं के लिए हॉस्पिटैलिटी, खानपान, परिवहन, रखरखाव और स्थानीय आपूर्ति से जुड़े क्षेत्रों में रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
चयनित संस्था को स्थानीय रोजगार, सामुदायिक विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण को लेकर भी अपनी कार्ययोजना प्रस्तुत करनी होगी। बागपत का यह केंद्र योग एवं ध्यान के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को भी नई पहचान देगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।