विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर प्रदेश में यू-डायस डेटा में 22 लाख छात्रों का अंतर, जांच के दायरे में गोरखपुर समेत 10 जिले

Published: Tue, 06 Oct 2026 08:41 PM (IST)

उत्तर प्रदेश में यू-डायस पर छात्रों के नामांकन डेटा में 22 लाख से अधिक का अंतर सामने आया है, जिसके ...और पढ़ें

News Article Hero Image

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश में पिछले वर्ष की तुलना में इस बार कक्षा एक से 12वीं तक विद्यार्थियों के पंजीयन में 22,17,638 का अंतर सामने आया है। सभी तरह के प्रबंधन वाले (निजी व सरकारी) विद्यालयों में पिछले वर्ष 4,24,88,896 विद्यार्थियों का नामांकन था, जबकि इस वर्ष अभी तक 4,02,71,258 विद्यार्थियों का ही डाटा दर्ज हुआ है।

हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि यू-डायस (यूनिफाइड डिस्ट्रिक्ट इंफार्मेशन सिस्टम फार एजुकेशन) पर दिसंबर तक डाटा दर्ज होने के बाद ही विद्यार्थियों की वास्तविक संख्या स्पष्ट होगी।

बेसिक व माध्यमिक विद्यालयों में सितंबर तक नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब नामांकित विद्यार्थियों का पूरा डाटा यू-डायस पर दर्ज कराने पर जोर है। यू डायस पर अभी तक जो डाटा भरा गया है, उसमें बेसिक शिक्षा के विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या में 16,28,499 और माध्यमिक शिक्षा के विद्यालयों में 5,89,139 का अंतर है।

गोरखपुर, आजमगढ़, गोंडा, प्रयागराज, गाजीपुर, बलिया, आगरा, देवरिया, कुशीनगर और प्रतापगढ़ में यह अंतर अधिक है। इन जिलों में बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को विद्यालयवार समीक्षा कर अंतर कम करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलों में डाटा भरने की गति धीमी होने पर स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी ने नाराजगी जताई है। विकासखंड स्तर पर कैंप लगाकर बेसिक शिक्षा अधिकारियों व जिला विद्यालय निरीक्षकों से डाटा को शुद्ध, त्रुटिरहित और विश्वसनीय बनाने को कहा गया है।

बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से बताया गया है कि कक्षा एक में इस वर्ष विद्यार्थियों की संख्या पिछले वर्ष से करीब 53 हजार अधिक है। कई निजी विद्यालयों का डाटा अभी यू-डायस पर दर्ज नहीं हुआ है। ऐसे में मौजूदा आंकड़ों को अंतिम नामांकन नहीं माना जा रहा है।

यू डायस पर इन जिलों में अधिक अंतर- (पहली से 12वीं तक विद्यार्थियों की संख्या)

जिला वर्ष 2025-26 वर्ष 2026-27
गोरखपुर 10,58,097 9,69,674
आजमगढ़ 8,94,341 8,08,178
गोंडा 7,58,096 6,85,370
प्रयागराज 12,04,549 11,32,011
गाजीपुर 7,26,027 6,57,306

यह भी पढ़ें- यू-डायस प्लस पोर्टल पर सरकारी व निजी स्कूल के सभी विद्यार्थियों का डाटा होगा अपलोड

यह भी पढ़ें- यूपी के 313 स्कूलों में एक भी स्टूडेंट नहीं, एक टीचर के भरोसे 7874 विद्यालय; हैरान कर देंगे यू-डायस रिपोर्ट के आंकड़े