यूपी के मंडल मुख्यालयों में हर महीने लगेगा परिवहन मेला, मिलेंगी सभी RTO सेवाएं और होगी बकाया वसूली
उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग अब हर माह मंडल मुख्यालयों पर परिवहन मेला आयोजित करेगा, जहां वाहन स्वामियों को सभी आरटीओ सेवाएं मिलेंगी।

तस्वीर- फाइल।
HighLights
परिवहन विभाग हर माह मंडल मुख्यालयों पर परिवहन मेला आयोजित करेगा।
वाहन स्वामियों को पंजीकरण, फिटनेस, DL सहित सभी RTO सेवाएं मिलेंगी।
लंबित राजस्व की वसूली, बकायेदारों से संपर्क और मौके पर निस्तारण होगा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। परिवहन विभाग अब हर माह मंडल मुख्यालयों पर परिवहन मेला लगाएगा। इसमें वाहन स्वामियों और आम नागरिकों को पंजीकरण, फिटनेस, परमिट, कर भुगतान, ड्राइविंग लाइसेंस समेत परिवहन विभाग की विभिन्न आनलाइन सेवाओं से जुड़ी जानकारी और सहायता एक ही स्थान पर मिलेगी।
साथ ही विभाग लंबित राजस्व की वसूली के लिए बड़े बकायेदार वाहन स्वामियों को भी मेले में बुलाकर मौके पर ही बकाए का निस्तारण कराएगा। 23 अक्टूबर से इसकी शुरुआत की जाएगी।
परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह के अनुसार, पहली बार इस तरह का मेला लगेगा। अक्टूबर से शुरू होने वाली यह व्यवस्था आगे सभी मंडल मुख्यालयों पर चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएगी। इसमें 27 नवंबर और 26 दिसंबर को मंडलीय परिवहन कार्यालयों में मेले लगाए जाएंगे।
हर माह चौथे शुक्रवार को मेला आयोजित होगा। यदि शुक्रवार को अवकाश रहता है तो अगले दिन शनिवार को इसका आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक मंडल में संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) को मेले का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
मेले में बकाया वसूली, पेनाल्टी में छूट, वाहन पंजीकरण, फिटनेस और स्क्रैपेज के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए जाएंगे। स्क्रैप किए गए वाहनों के नए पंजीकरण से जुड़ी प्रक्रिया भी समझाई जाएगी। साथ ही अधिकारियों को सबसे अधिक बकाया वाले वाहनों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
ऐसे वाहन स्वामियों को एसएमएस, वाट्सएप या पत्र के माध्यम से पहले ही मेले में आने की सूचना दी जाएगी। बड़े बकायेदारों से व्यक्तिगत संपर्क के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा। मेले में नकद और डिजिटल भुगतान के लिए अलग काउंटर बनाए जाएंगे।
