यूपी में 64 लाख से ज्यादा युवाओं को मतदाता बनाने के लिए चलेगा अभियान, 17 नवंबर से शुरू होगी स्पेशल ड्राइव
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले 18-19 आयु वर्ग के 64 लाख से अधिक युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए 17 नवंबर से विशेष अभियान चलेगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
17 नवंबर से शुरू होगा विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान।
64 लाख से अधिक युवा मतदाताओं को जोड़ने का लक्ष्य।
शैक्षणिक संस्थानों और युवा संगठनों का लिया जाएगा सहयोग।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा चुनाव से पहले युवा मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग अब स्कूल-कॉलेजों में विशेष अभियान चलाएगा। 17 नवंबर से शुरू हो रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं पर विशेष फोकस किया जाएगा। इनकी अनुमानित आबादी 84.47 लाख है, लेकिन सात अक्टूबर तक इनमें से सिर्फ 19.61 लाख युवाओं के नाम ही मतदाता सूची में दर्ज थे।
यानी इस आयु वर्ग की अनुमानित आबादी के मुकाबले महज 23.22 प्रतिशत युवा ही मतदाता के रूप में पंजीकृत हैं। करीब 64.85 लाख युवाओं का अंतर पाटने के लिए शैक्षणिक संस्थानों में गठित मतदाता साक्षरता क्लब (इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब-ईएलसी) को सक्रिय करने के आयोग ने निर्देश दिए हैं।
इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित विधानसभा क्षेत्र के सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) समन्वय करेंगे। एसएसआर के दौरान युवाओं में मताधिकार के महत्व, नैतिक मतदान और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जिम्मेदार सहभागिता की भावना विकसित करने के साथ ही पात्र छात्र-छात्राओं को मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके तहत कक्षा नौ और उससे ऊपर की कक्षाओं में पढ़ने वाले विद्यार्थियों का चिह्नांकन किया जाएगा।
विशेष रूप से 18-19 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे छात्र-छात्राओं की पहचान की जाएगी, जो मतदाता बनने की पात्रता रखते हैं, लेकिन अभी तक उनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है। इनसे फार्म-6 भरवाकर मतदाता के रूप में पंजीकरण कराया जाएगा।
प्रदेश में एसआईआर के बाद 10 अप्रैल को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में 18-19 वर्ष आयु वर्ग के 17.63 लाख युवा पंजीकृत थे। इसके बाद अक्टूबर में इनकी संख्या बढ़कर 19.61 लाख हो गई है। इसके बावजूद अनुमानित युवा आबादी और मतदाता सूची में दर्ज नामों के बीच बड़ा अंतर बना हुआ है।
ऐसे में एसएसआर में पहली बार मतदान करने वाले युवाओं का पंजीकरण बढ़ाना निर्वाचन विभाग की प्राथमिकता होगी। युवा मतदाताओं के पंजीकरण में तेजी लाने के लिए निर्वाचन आयोग विभिन्न सरकारी और युवा संगठनों का भी सहयोग लेगा। इनमें राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), नेहरू युवा केंद्र, युवक मंगल दल तथा भारत स्काउट्स एंड गाइड्स शामिल हैं।
पंचायत मतदाता सूची से खोजे जाएंगे छूटे वोटर
एसआईआर में मतदाता सूची से बाहर हुए पात्र लोगों को दोबारा जोड़ने के लिए पंचायत चुनाव की मतदाता सूची से मिलान भी किया जाएगा। एसएसआर में इस सूची को आधार बनाकर छूटे मतदाताओं को चिह्नित किया जाएगा। सभी जिलाधिकारियों को इसके निर्देश दिए गए हैं।
इस वर्ष 10 जून को प्रकाशित पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची में 12.59 करोड़ मतदाता दर्ज थे। वहीं, भारत निर्वाचन आयोग की एसआइआर के बाद 10 अप्रैल को प्रकाशित विधानसभा की अंतिम मतदाता सूची में 13.40 करोड़ मतदाता थे। इसके अलावा राशन की दुकानों पर दर्ज परिवारों के 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों, आंगनबाड़ी, आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं के जरिए पात्र महिलाओं की पहचान कर फार्म-6 भरवाया जाएगा।
अब 17 को प्रकाशित होगी ड्राफ्ट मतदाता सूची
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि एसएसआर की समय-सारिणी में संशोधन किया गया है। अब ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर के बजाय 17 नवंबर को होगा। इसके साथ ही 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे व आपत्तियां ली जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चार जनवरी को ही होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।