विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में लाखों शिक्षकों की नियुक्ति से लेकर डिग्री तक की होगी जांच, STF भी करेगी वेरिफिकेशन

Published: Fri, 30 Oct 2026 06:39 PM (IST)

उत्तर प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत डेढ़ लाख से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति और शैक्षिक योग्यता की जांच होगी।

डेढ़ लाख से अधिक परिषदीय शिक्षकों की होगी नियुक्ति से लेकर डिग्री तक जांच।

डेढ़ लाख से अधिक परिषदीय शिक्षकों की होगी नियुक्ति से लेकर डिग्री तक जांच।

HighLights

  1. 1.5 लाख से अधिक परिषदीय शिक्षकों की होगी जांच।

  2. नियुक्ति पत्र, शैक्षिक योग्यता प्रमाणपत्र जमा करना अनिवार्य।

  3. एसटीएफ करेगी दस्तावेजों का सत्यापन, हाईकोर्ट का आदेश।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत सभी शिक्षकों की नियुक्ति और शैक्षिक योग्यता की जांच होगी। कक्षा एक से आठ तक के शिक्षकों को अपने नियुक्ति पत्र से लेकर हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, बीएड, बीटीसी और टीईटी या सीटीईटी तक के प्रमाणपत्रों की स्पष्ट प्रतियां जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय में जमा करनी होंगी।

बीएसए कार्यालय से निर्देश जारी होने के एक सप्ताह के भीतर दस्तावेज जमा करना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही शिक्षकों को नोटरी से सत्यापित शपथपत्र देकर यह भी बताना होगा कि उनके परिवार में कोई सदस्य उत्तर प्रदेश के शिक्षा विभाग में बीएसए या उससे ऊपर के पद पर कार्यरत है या रहा है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी

इलाहाबाद हाई कोर्ट के 16 अक्टूबर के आदेश के अनुपालन में बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी ने सभी मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशकों और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। यह कार्रवाई कुसुमलता बनाम उत्तर प्रदेश राज्य मामले में की जा रही है।

मामला परिषदीय विद्यालयों में अनियमित, नियम विरुद्ध और फर्जी नियुक्तियों से जुड़ा है। शपथपत्र में पति, पत्नी, पिता, पुत्र, पुत्री, दामाद, पुत्रवधू, सास, ससुर, साले, बहनोई, साली, ननद और प्रथम श्रेणी के चचेरे, ममेरे, फुफेरे व मौसेरे भाई-बहनों का ब्योरा देना होगा। ऐसा कोई रिश्तेदार नहीं होने पर इसकी घोषणा भी शपथपत्र में करनी होगी।

डॉक्यूमेंट को भेजा जाएगा एसटीएफ कार्यालय

बीएसए, प्रधानाध्यापकों और प्रभारी प्रधानाध्यापकों के माध्यम से सभी शिक्षकों से दस्तावेज मंगवाएंगे। इसके बाद नियुक्ति तिथि, शैक्षिक योग्यता, नियुक्ति के समय निर्धारित न्यूनतम योग्यता और राजपत्र के अनुसार प्राप्त मेरिट सहित सभी जानकारियों की एक्सेल शीट तैयार होगी। इसे प्रमाणपत्रों के साथ एसटीएफ के संबंधित रेंज कार्यालय भेजा जाएगा।

प्रदेश में एसटीएफ के 18 रेंज कार्यालय और सात पुलिस कमिश्नरेट हैं। दस्तावेजों की जांच में एसपी, एसएसपी और पुलिस आयुक्त की मदद भी ली जा सकेगी। जिला स्तर पर बीएसए और मंडल स्तर पर सहायक शिक्षा निदेशक निगरानी करेंगे।

सचिव, उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज को प्रदेश स्तर का नोडल अधिकारी बनाया गया है। उन्हें नियमित सूचना देनी होगी। लापरवाही पर संबंधित अधिकारी की व्यक्तिगत जवाबदेही तय होगी। हाई कोर्ट ने मामले में अनुपालन रिपोर्ट के लिए चार नवंबर की तारीख तय की है।

यह भी पढ़ें- पीएम किसान सम्मान निधि: जौनपुर में 6.86 लाख किसानों के खातों में भेजे गए 137 करोड़ रुपये

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।