गांधी जयंती पर उत्तर प्रदेश के 341 गांवों को बड़ी सौगात, हर घर शुरू होगी नल से जल की आपूर्ति
गांधी जयंती पर उत्तर प्रदेश के 341 गांवों के हर घर में नल से पेयजल आपूर्ति शुरू होगी, जिससे महिलाओं ...और पढ़ें

28,385 गांवों के प्रत्येक घर में पहुंच रहा है पानी। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
341 गांवों में गांधी जयंती पर नल से जल आपूर्ति शुरू।
38,281 गांवों में पहले से ही हर घर नल से जल।
महिलाओं और बच्चों के लिए समय व श्रम की बचत।
राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। गांधी जयंती पर प्रदेश के 341 गांवों के प्रत्येक घर में नल से पेयजल आपूर्ति शुरू होगी। इससे लोगों को प्रदूषित पानी की समस्या से राहत मिलने के साथ ही पानी के लिए घर से बाहर जाने की जरूरत भी कम होगी। अभी प्रदेश के 38,281 गांवों में हर घर तक नल से पानी पहुंच रहा है, जबकि 28,385 गांवों में यह कार्य अंतिम चरण में है।
जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता और ग्राम स्वराज को प्राथमिकता दी थी। इस बार गांधी जयंती पर 341 गांवों में पेयजल आपूर्ति की शुरुआत इसी भावना के अनुरूप की जा रही है। सरकार हर ग्रामीण परिवार तक नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाने के साथ यह सुनिश्चित कर रही है कि घर में पानी पहुंचने से महिलाओं और बेटियों का समय व श्रम बचे तथा बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर अवसर मिलें।
जल निगम (ग्रामीण) के प्रबंध निदेशक योगेश कुमार ने कहा कि पेयजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव के साथ नियमित व गुणवत्तापूर्ण जलापूर्ति सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। इसके लिए गांव जल एवं स्वच्छता समितियों के साथ ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ाई जाएगी।
यह भी पढ़ें- 'सुरक्षा हटे तो भीगी बिल्ली बनने में देर नहीं लगेगी', सीएम योगी का विपक्षियों पर करारा हमला
पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई ग्रामीण सड़कों की मरम्मत और पुनर्स्थापना के लिए प्रदेश में अभियान चलाया जा रहा है। ऐसी सड़कों को चिह्नित कर मरम्मत कराई जा रही है। यदि किसी गांव में पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं हुई है तो ग्रामीण जल सारथी ऐप पर सड़क की फोटो और वीडियो अपलोड कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
