उत्तर प्रदेश को जल्द मिलेंगे आठ नए एक्सप्रेसवे, टेंडर फाइनल करने की समय सीमा तय
प्रदेश सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले एक्सप्रेसवे और औद्योगिक परियोजनाओं के टेंडर की तारीखें निर्धारित कर दी हैं।

उत्तर प्रदेश को जल्द मिलेंगे आठ नए एक्सप्रेसवे।
HighLights
एक्सप्रेसवे और औद्योगिक परियोजनाओं के टेंडर की तारीखें तय।
फर्रुखाबाद लिंक सहित चार परियोजनाओं के टेंडर 15 अक्टूबर तक।
चित्रकूट, विंध्य एक्सप्रेसवे टेंडर 30 अक्टूबर, 30 नवंबर तक।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले एक्सप्रेसवे और औद्योगिक परियोजनाओं को रफ्तार देने के लिए टेंडर प्रक्रिया की तारीखें तय कर दी हैं।
मुख्य सचिव एसपी गोयल ने फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे समेत चार परियोजनाओं के टेंडर 15 अक्टूबर तक अंतिम करने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे के लिए 30 अक्टूबर तथा मेरठ-हरिद्वार लिंक, विंध्य एक्सप्रेसवे और विंध्य पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के टेंडर 30 नवंबर तक अंतिम रूप देने की समयसीमा तय की गई है।
मुख्य सचिव ने की समीक्षा बैठक
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई प्रोजेक्ट मॉनीटरिंग ग्रुप की बैठक में एक्सप्रेसवे, औद्योगिक कारिडोर, औद्योगिक क्लस्टर समेत प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को परियोजनाओं की नियमित निगरानी के साथ विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने और तय समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
15 अक्टूबर तक इन चार एक्सप्रेसवे का टेंडर होगा फाइनल
फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे, आगरा-लखनऊ-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे, झांसी लिंक एक्सप्रेसवे और जेवर लिंक एक्सप्रेसवे के टेंडर की समय सीमा 15 अक्टूबर तय की गई है।
यूपी इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लाजिस्टिक्स क्लस्टर्स और यूपी डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर परियोजनाओं के लिए शेष भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया।
बुंदेलखंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथारिटी (बीडा) की महायोजना-2045 को शासन से समन्वय कर 25 अक्टूबर तक अनुमोदित कराने के निर्देश दिए गए। इसमें 56,662 एकड़ में से अब तक 28,874 एकड़ भूमि अर्जित की जा चुकी है। पहले चरण में विकसित होने वाले एक हजार एकड़ की डीपीआर शासन को भेज दी गई है। वहीं, ग्रेटर नोएडा के मेडिकल डिवाइस पार्क में 28 इकाइयों का निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
