दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे बस फायरिंग मामला: पिस्टल और स्कूटी के साथ आरोपी गिरफ्तार, मालिक बोला- नहीं चलाएंगे बस
गाजियाबाद में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बस में फायरिंग के आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं, जिसमें 32 बोर की पिस्टल और स्कूटी बरामद हुई है।
-1790873126792_m.webp)
गाजियाबाद बस फायरिंग कांड में 32 बोर की पिस्टल के साथ आरोपी गिरफ्तार।
HighLights
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बस फायरिंग के आरोपी गिरफ्तार।
पुरानी रंजिश के चलते हुई थी बस पर फायरिंग की घटना।
पीड़ित बस मालिक ने डर के कारण बसें बंद कीं।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर मसूरी थानाक्षेत्र में सोमवार देर रात सवारियों से भरी डबल डेकर बस पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने के आरोपित पुलिस ने पकड़ लिए हैं। घटना में इस्तेमाल 32 बोर की पिस्टल और स्कूटी भी बरामद कर ली गई है। शुरूआती पूछताछ में सामने आया है कि दिल्ली में पूर्व बस मालिक और हमलावर युवक के बीच हुए विवाद के कारण फायरिंग की गई है।
दूसरी ओर, पीड़ित बस मालिक का कहना है कि वह अब बस नहीं चलाएंगे। उन्होंने अपनी दोनों बसें खड़ी कर दी हैं। उनका कहना है कि डर के कारण बस चलाना संभव नहीं है। जिस समय बस पर हमला किया गया था उस समय बस में 23 यात्री और चालक-परिचालक सवार थे।
सूत्रों के मुताबिक पकड़ में आए आरोपित दिल्ली के उस्मानपुर तीसरा पुस्ता निवासी 26 वर्षीय अनस और नेहरू विहार निवासी 23 वर्षीय नदीम हैं। पूछताछ में पता चला कि वादी मुकदमा का अनस को दिल्ली में दिल्ली पुलिस द्वारा एक मुकदमे में जेल भिजवाया गया था जिससे अनस मूसा से रंजिश रखने लगा था।
अन्य आरोपित उस्मानपुर निवासी वासिद का भी वादी मुकदमा से झगड़ा हुआ था। इस वजह से वासिद भी बस मालिक से रंजिश मानता था। वासिद बसों को नहीं चलने देना चाहता था। जांच में सामने आया है कि वासिद ने अनस और नदीम को पिस्तौल और स्कूटी मुहैया कराई थी। तीनों आरोपित आपस में दोस्त हैं।
पीड़ित ने कहा नहीं चलाऊंगा बस
पीड़ित मोहम्मद आरिफ का कहना है कि डर के कारण उन्होंने निर्णय लिया है कि वह अब अपनी बसें नहीं चलाएंगे। उनकी अंसारी ट्रैवल्स के नाम से दो बसें दिल्ली से बदायूं के बीच चलती हैं। उन्होंने अपनी दोनों बसें खड़ी कर दी हैं। पीड़ित का कहना है कि गोली लगने से घायल कमरूद्दीन को आइसीयू से वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है जबकि बस के हेल्पर तालिब हुसैन के कंधे में गोली धंसी हुई है। उसकी चिकित्सकों ने शुक्रवार को सर्जरी करने के लिए कहा है।
