गाजियाबाद के ट्रांस हिंडन में बिजली कटौती से हाहाकार, गर्मी में बेहाल लोग
गाजियाबाद के ट्रांस हिंडन इलाकों में बिजली कटौती से लोग भीषण गर्मी में परेशान हैं। ओवरलोड फीडर और ट्रांसफार्मर के कारण रोजाना 4-6 घंटे बिजली गुल रहती है।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
ट्रांस हिंडन में रोजाना 4-6 घंटे बिजली कटौती।
ओवरलोड फीडर और ट्रांसफार्मर मुख्य कारण हैं।
गर्मी में पानी और दैनिक कार्य प्रभावित।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। ट्रांस हिंडन के ज्यादातर इलाकों में बिजली कटौती रात-दिन रुला रही है। फीडर और ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने के कारण हो रहे फाल्ट से रोजाना चार से छह घंटे बिजली कटौती हो रही है। इससे गर्मी में लोगों के पसीने छूट रहे हैं। लोगों के रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हुए। कई इलाकों के लोगों को सुबह में पानी तक नहीं मिल सका।
बुधवार रात और बृहस्पतिवार दिन में ट्रांस हिंडन के राजेंद्र नगर, मोहननगर, इंदिरापुरम, वैशाली, वसुंधरा, कौशांबी, भोपुरा समेत विभिन्न इलाकों में अलग-अलग समय पर बिजली कटौती हुई। राजेंद्र नगर में ट्रांसफार्मर में फाल्ट के चलते रात एक से सबुह 10 बजे बिजली गल रही।
20 हजार से अधिक आबादी को नहीं मिला पानी
बिन बिजली के लोग गर्मी से बचाव के लिए एसी, पंखे व कूलर नहीं चला सके। लोग बार-बार शिकायत करते रहे, लेकिन कटौती का सिलसिला जारी रहा। रातभर में करीब नौ घंटे बिजली कटौती हुई। इसके बाद भी कटौती शुरू हो गई। इससे यहां की करीब 20 हजार से अधिक की आबादी को पानी नहीं मिल सका।
लोगों का कहना है कि करीब एक माह से रोजाना कटौती हो रही है। वहीं, डीएलएफ कालोनी में भी चार घंटे बिजली गुल रही। करीब आठ से 10 बार बिजली कटी। इसके बाद सुबह में भी बिजली कटौती के कारण पानी नहीं मिल सका।
इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के लोगों को राहत नहीं
टीला मोड की इंद्रप्रस्थ कालोनी में भी रात में बिजली कटौती से लोगों की नींद खराब हो गई। देर रात करीब दो बजे आपूर्ति सामान्य हुई। इसके बाद सुबह में हाई-वोल्टेज की समस्या रही। इससे यहां की करीब 15 हजार की आबादी परेशान है।
बिजली आपूर्ति में सुधार के लिए बिजनेस प्लान के तहत विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में ओवरलोडिंग की समस्या पूरी तरह से दूर हो जाएगी।
-बृजेश कुमार, मुख्य अभियंता, विद्युत निगम जोन-तीन।
