विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पेराई सत्र 2025-26: राज्य गन्ना प्रतियोगिता का परिणाम घोषित, मुजफ्फरनगर से हरदोई तक छाया किसानों का जलवा

Published: Tue, 06 Oct 2026 08:23 PM (IST)

गन्ना विकास विभाग ने पेराई सत्र 2025-26 के लिए राज्य गन्ना प्रतियोगिता के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इसमें हरदोई, ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. पेराई सत्र 2025-26 के लिए राज्य गन्ना प्रतियोगिता के परिणाम घोषित।

  2. हरदोई, शाहजहांपुर, बिजनौर, शामली, मुजफ्फरनगर के किसान विजेता बने।

  3. विजेताओं को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। गन्ना विकास विभाग ने पेराई सत्र 2025-26 के लिए राज्य गन्ना प्रतियोगिता का परिणाम घोषित कर दिया गया है। इसमें हरदोई, शाहजहांपुर, बिजनौर, शामली और मुजफ्फरनगर के किसान अलग-अलग श्रेणियाें में बेहतर उत्पादन के लिए विजेता बने हैं। वहीं दो श्रेणियों में पीलीभीत के किसानों का पुरस्कार मिला है।

गन्ना एवं चीनी आयुक्त मिनिस्थी एस. ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए सात वर्गों में 1078 आवेदन पत्र आए थे। विभाग द्वारा नामित कटाई अधिकारियों से प्राप्त परिणामों के आधार पर किसानों काे विजयी घोषित किया गया है।

इनमें शीघ्र पौधा संवर्ग में रूपापुर हरदोई के अमर सिंह 2430.00 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज प्राप्त कर प्रथम रहे। वहीं पूरनपुर पीलीभीत के सुखदीप सिंह दूसरे और तिलहर शाहजहांपुर के कौशल कुमार तीसरे स्थान पर रहे। पेड़ी संवर्ग में एरेटी शामली के देवेन्द्र 1998.50 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज से प्रथम स्थान प्राप्त किया, बिडवी सहारनपुर के सुधीर द्वितीय व खतौली बागपत के अनुज पंवार तृतीय विजेता बने।

कौन किस पांयदान पर रहा?

सामान्य पौधा संवर्ग में तिलहर शाहजहांपुर के कौशल कुमार ने 1725.50 क्विंटल प्रति हेक्टयेर उपज प्राप्त कर पहले स्थान पर रहे, अगौता बुलंदशहर के सुधीर सिंह दूसरे व नत्थूगढ़ी बुलंदशहर के जितेन्द्र कुमार तीसरे स्थान पर रहे। ड्रिप विधि से सिंचाई पौधा संवर्ग में अफजलगढ़ बिजनौर के अक्षांश सिंह 2068.50 क्विटंल हेक्टेयर उउपज संग प्रथम स्थान पर रहे, अगौता बुलंदशहर के महावीर दूसरे और रतनपाल सिंह तीसरे स्थान पर रहे।

ड्रिप विधि से सिंचाई-पेड़ी संवर्ग में टिटौली शामली के इन्द्रपाल सिंह ने 1865.00 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, धामपुर बिजनौर के समरजीत सिंह दूसरे व खाईखेड़ी मुजफ्फरनगर की राकेशवती तीसरे स्थान पर रहीं। युवा गन्ना किसान पौधा संवर्ग में खतौली मुजफ्फरनगर के नितिन चौधरी ने 1690.50 क्विटंल हेक्टेयर उपज से प्रथम स्थान हासिल किया, लुहारवाली बिजनौर के श्रेम विशेष सिंह दूसरे व मंसूरपुर मुजफ्फरनगर के निकित कुमार तीसरे विजेता बने।

युवा गन्ना किसान पेड़ी-संवर्ग में वाधवी शामली के उज्जवल देशवाल ने 1507.00 क्विंटल प्रति हेक्टयेर उपज संग प्रथम स्थान प्राप्त किया, ऊन शामली के अमित कुमार द्वितीय व थानाभवन शामली के जितेन्द्र तृतीय रहे। आयुक्त ने बताया कि सभी प्रथम पुरस्कार विजेताओं को 51 हजार रुपये, द्वितीय विजेताओं को 31 हजार और तृतीय स्थान पाने वाले किसानों को 21 हजार रुपये की धनराशि व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- अब यूपी में जंगलों में लगी चेनलिंक और सोलर फेंसिंग का होगा ऑडिट, IFS अधिकारियों की टीम करेगी जांच

वहीं, विभिन्न संवर्गाें के विजेताओं में पूर्वी उप्र के किसानों की सहभागिता न होने और इस क्षेत्र में गन्ना खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन पुरस्कार के रूप में शीघ्र पौधा संवर्ग के किसान सत्यनरायन सेवरही कुशीनगर, पेड़ी संवर्ग के देवेन्द्र राय हाटा कुशीनगर, समान्य पौधा संवर्ग के राम शरद रूधौली बस्ती और युवा गन्ना किसान पौधा संवर्ग के किसान नीरज कुमार घोघली महराजगंज को प्रोत्साहन पुरस्कार के स्वरूप पांच-पांच हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।