विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सख्ती: यूपी में अब हर महीने स्कूलों में शौचालय और एमएचएम सुविधाओं की होगी जांच

Published: Thu, 19 Nov 2026 07:33 PM (IST)

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर उत्तर प्रदेश के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में शौचालयों और छात्राओं की माहवारी स्वच्छता सुविधाओं की अब हर महीने औचक जांच होगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर स्कूलों में औचक जांच शुरू।

  2. शौचालयों और माहवारी स्वच्छता सुविधाओं का होगा निरीक्षण।

  3. हर महीने 100 विद्यालयों की टीमें करेंगी जांच।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में शौचालयों की व्यवस्था, साफ-सफाई और छात्राओं की माहवारी स्वच्छता से जुड़ी सुविधाओं की अब औचक जांच होगी। प्रदेशभर के 75 जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए), शिक्षकों की टीमें बनाकर हर महीने 100-100 विद्यालयों का निरीक्षण कराएंगे। निरीक्षण में कमियां मिलने पर सुधार कराया जाएगा। इसकी रिपोर्ट हर महीने शिक्षा निदेशक (बेसिक) और महानिदेशक स्कूल शिक्षा को भेजनी होगी।

शिक्षा निदेशक (बेसिक) अनिल भूषण चतुर्वेदी ने सभी मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशकों और बीएसए को ये निर्देश जारी किए हैं। सुप्रीम कोर्ट के डा. जया ठाकुर बनाम भारत संघ मामले में दिए गए आदेश के अनुपालन में यह व्यवस्था की गई है। निरीक्षण में बालक-बालिकाओं के लिए अलग और चालू शौचालय, पर्याप्त पानी, साबुन, हाथ धोने की सुविधा, दरवाजों पर कुंडी और खिड़कियों की उपलब्धता देखी जाएगी।

विद्यालयों में माहवारी स्वच्छता प्रबंधन (एमएचएम) कार्नर की जांच भी होगी। इसमें सैनिटरी नैपकिन, इनरवियर, यूनिफार्म और जागरूकता पोस्टर होने चाहिए। नैपकिन वितरण के लिए वेंडिंग मशीन या नामित शिक्षिका की व्यवस्था तथा इस्तेमाल किए गए नैपकिन के सुरक्षित निस्तारण की सुविधा भी अनिवार्य होगी। छात्राओं के लिए सुरक्षित कक्ष और प्रत्येक विद्यालय में एक नोडल शिक्षिका नामित कर उसकी ई-मेल आइडी प्रदर्शित करनी होगी।

यह भी पढ़ें- बेसिक स्कूलों में पढ़ाई से लेकर मिड-डे मील तक 26 बिंदुओं पर परखी हकीकत, कमियों को दूर करने के निर्देश

साथ ही दिव्यांग विद्यार्थियों के अनुकूल शौचालय, सफाई कर्मियों की संख्या और सफाई की वैकल्पिक व्यवस्था भी जांची जाएगी। प्रत्येक विद्यालय का साल में कम से कम एक बार निरीक्षण होगा। विद्यार्थियों की पहचान गोपनीय रखते हुए सर्वेक्षण से फीडबैक लिया जाएगा। ब्लाक स्तर पर ई-मेल आइडी बनाकर विद्यार्थियों को समस्याएं और सुझाव भेजने की सुविधा भी देनी होगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।