विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मीरजापुर और मुजफ्फरनगर में 164.87 करोड़ से बनेगी नई टाउनशिप, योगी कैबिनेट ने दी मंजूरी

Published: Fri, 09 Oct 2026 10:52 PM (IST)

उत्तर प्रदेश सरकार ने मीरजापुर और मुजफ्फरनगर में नई टाउनशिप विकसित करने के लिए 164.87 करोड़ रुपये की मंजूरी दी ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. मीरजापुर-मुजफ्फरनगर में नई टाउनशिप के लिए 164.87 करोड़ मंजूर।

  2. मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत भूमि अधिग्रहण होगा।

  3. विकास प्राधिकरणों को जल्द मिलेगी पहली किस्त, कार्य शुरू।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मीरजापुर-विन्ध्याचल और मुजफ्फरनगर में नई टाउनशिप विकसित करने के लिए सरकार 164.87 करोड़ रुपये देगी। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नये शहर प्रोत्साहन योजना के तहत भूमि अर्जन के लिए बतौर सीड कैपिटल 115 करोड़ रुपये की पहली किस्त जल्द ही संबंधित विकास प्राधिकरण को दी जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट की बैठक में आवास एवं शहरी नियोजन विभाग के संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। विभागीय विशेष सचिव राजेश कुमार राय ने बताया कि 164.87 करोड़ रुपये में से 111.40 करोड़ रुपये मुजफ्फरनगर और 53.47 करोड़ रुपये मीरजापुर को मिलेंगे। फिलहाल पहली किस्त के तौर पर मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण को 75 करोड़ रुपये और मीरजापुर विकास प्राधिकरण को 40 करोड़ रुपये जल्द दे दिए जाएंगे।

योजना छह अप्रैल 2023 से लागू

गौरतलब है कि नगरीय क्षेत्रों के सुनियोजित व सुव्यवस्थित विकास के साथ-साथ नगरीय जनसंख्या को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराए जाने के लिए योगी सरकार की मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नये शहर प्रोत्साहन योजना छह अप्रैल 2023 से लागू है।

यह भी पढ़ें- PM पोषण योजना: नवंबर से बच्चों को मध्याह्न भोजन के साथ मिलेगा हलवा और उपमा

योजना के तहत वित्तीय वर्ष में 3500 करोड़ रुपये की बजट व्यवस्था कर विकास प्राधिकरणों को भूमि अर्जन के खर्च का 50 प्रतिशत तक राज्य सरकार, सीड कैपिटल के रूप में अधिकतम 20 वर्ष के लिए दे रही है। मुजफ्फरपुर प्राधिकरण को शेरनगर में 27.64 हेक्टेयर भूमि और मीरजापुर को नटवा व बहसी गांव की 19.82 हेक्टेयर भूमि आर्जित कर उस पर टाउनशिप विकसित करने के लिए धनराशि दी गई है।