गांव के बच्चों के लिए बड़ी सौगात: यूपी में खुलेंगी 1000 से ज्यादा स्मार्ट क्लास, तैयार होंगी 25 अटल टिंकरिंग लैब
उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों को आधुनिक तकनीक से शिक्षा मिलेगी। ओप्पो इंडिया राज्य में 1000 से अधिक स्मार्ट क्लास और 25 अटल टिंकरिंग लैब स्थापित करेगी, जिसमें राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 144 स्मार्ट क्लास का उद्घाटन किया।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
यूपी के ग्रामीण स्कूलों में 1000 से अधिक स्मार्ट क्लास स्थापित होंगी।
ओप्पो इंडिया द्वारा 25 अटल टिंकरिंग लैब भी बनेंगी।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 144 स्मार्ट क्लास का उद्घाटन किया।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में बच्चों को भी आधुनिक तकनीक से पढ़ाई का अवसर मिलेगा। ओप्पो इंडिया प्रदेश में एक हजार से अधिक स्मार्ट क्लास स्थापित करेगी। बुधवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जन भवन में 144 स्मार्ट क्लास का उद्घाटन किया। इन कक्षाओं में बच्चे तकनीक के माध्यम से विभिन्न विषयों को आसानी से समझ सकेंगे।
राज्यपाल ने कहा कि स्कूलों में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। पढ़ाई के साथ उनमें अच्छे संस्कार और अनुशासन विकसित करने पर भी ध्यान देना जरूरी है।
अभिभावक बच्चों को समय दें और उनसे मित्रवत व्यवहार करें। उन्होंने बच्चों में पढ़ने, लिखने, सवाल पूछने और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने की आदत विकसित करने पर जोर दिया।
शैक्षिक भ्रमण के जरिये बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक जानकारी देने को भी कहा। कार्यक्रम में बच्चों को स्कूल बैग और समाजसेवा करने वालों को सम्मान पत्र दिए गए। ओप्पो इंडिया के निदेशक राकेश कुमार ने प्रदेश में 25 अटल टिंकरिंग लैब स्थापित करने की जानकारी भी दी।