विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी रेरा की बड़ी कार्रवाई: 12696 विवाद सुलझाए, घर खरीददारों को दिलाए 2342 करोड़

Published: Sat, 28 Nov 2026 10:43 PM (IST)

यूपी रेरा ने घर खरीदारों के हितों की रक्षा करते हुए 12,696 रियल एस्टेट विवादों का समाधान किया है। इस प्रक्रिया के तहत आवंटियों को कुल 2,342 करोड़ रुपये का भुगतान सुनिश्चित कराया गया।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. यूपी रेरा ने 12,696 रियल एस्टेट विवादों का समाधान किया।

  2. घर खरीदारों को कुल 2,342 करोड़ रुपये का भुगतान कराया।

  3. कन्सिलिएशन फोरम ने 1,648 मामलों में मदद की।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। यूपी रेरा ने घर खरीददारों के हितों की रक्षा के लिए रियल एस्टेट से जुड़े विवादों के निस्तारण में प्रगति की है। यूपी रेरा ने वैधानिक प्रक्रिया, प्रमोटरों और आवंटियों के बीच आपसी समझौतों साथ कन्सिलिएशन फोरम के माध्यम से अब तक 12,696 मामलों में 6,661 करोड़ रुपये की मूल्य की संपत्तियों से जुड़े विवादों का समाधान किया है। साथ ही वसूली की प्रक्रिया के तहत 8,921 मामलों में आवंटियों को कुल 2,342 करोड़ रुपये का भुगतान कराया है।

यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने बताया कि यहां की पीठों के समक्ष धारा-31 के अंतर्गत धनवापसी, रजिस्ट्री सहित कब्जा या कब्जे में देरी पर ब्याज आदि से संबंधित शिकायतें बड़ी संख्या में दायर हुईं थी। सुनवाई के बाद पीठों ने जारी वसूली प्रमाणपत्रों (आरसी) के आधार पर संबंधित जिलों में वैधानिक कार्रवाई की है।

इस प्रक्रिया के तहत 7,036 मामलों में 1,743 करोड़ की धनराशि वसूल कर आवंटियों के बैंक खातों में अंतरित कराई गई। इसके अलावा 1,885 आवंटियों के वसूली प्रमाणपत्रों से जुड़े मामलों में प्रमोटरों और आवंटी के मध्य हुए समझौतों के आधार पर 599 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। इस तरह कुल 8,921 मामलों में आवंटियों को 2,342 करोड़ की धनराशि उपलब्ध कराई गई।

यूपी रेरा की कन्सिलिएशन फोरम कन्सिलिएशन फोरम के माध्यम से 1,648 आवंटियों की 657 करोड़ रुपये के मूल्य की संपत्तियों से संबंधित समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया गया है।

यह भी पढ़ें- हरदोई: समय पर वोटर ID पहुंचाने के लिए डाक विभाग की स्पेशल व्यवस्था, 8 दिन में बांटे 15218 कार्ड

इस प्रकार यूपी रेरा ने वसूली प्रक्रिया, पीठों के समक्ष आपसी समझौतों, कन्सिलिएशन फोरम और पोर्टल पर दर्ज समझौतों के माध्यम से कुल 12,696 मामलों में 6,661 करोड़ मूल्य की संपत्तियों से संबंधित विवादों का समाधान कराया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।