रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना: यूपी की 50000 बेटियों को मिलेगी Scooty, 15 दिसंबर से वितरण करने की तैयारी
उत्तर प्रदेश सरकार रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत 50,000 मेधावी छात्राओं को गुलाबी रंग की स्कूटी वितरित करने की तैयारी में है। वितरण 15 दिसंबर के आसपास शुरू होगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
50,000 मेधावी छात्राओं को मिलेगी गुलाबी रंग की स्कूटी।
वितरण 15 दिसंबर के आसपास शुरू होने की संभावना है।
पंजीकरण, बीमा, हेलमेट और पांच लीटर पेट्रोल भी मिलेगा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। युवाओं के हाथों में टैबलेट देने के बाद अब मेधावी बेटियों को स्कूटर की चाबी सौंपने की तैयारी है। प्रदेश सरकार रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत 50 हजार छात्राओं को गुलाबी रंग का स्कूटर देने जा रही है। वितरण 15 दिसंबर के आसपास शुरू होने की संभावना है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और हीरो कंपनी ने स्कूटर का निर्माण भी शुरू कर दिया है। कंपनी प्रतिदिन करीब 600 स्कूटर तैयार कर रही है।
विधानसभा चुनाव से पहले सरकार अपने पिछले चुनावी वादों को जमीन पर उतारने में जुटी है। रविवार को स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट देकर 25 लाख युवाओं को टैबलेट देने के अभियान का शुभारंभ किया गया। अब स्कूटी योजना के जरिये छात्राओं तक पहुंच बनाने की तैयारी है। इसकी शुरुआत प्रदेश के कई स्थानों से एक साथ करने की योजना है।
शीर्ष पांच प्रतिशत स्थान पाने वाली छात्राएं होंगी पात्र
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के अनुसार, 15 दिसंबर के आसपास स्कूटी वितरण शुरू हो सकता है। वर्ष 2025-26 के बजट में योजना के लिए 400 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया था। इसका लाभ शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक की पढ़ाई पूरी करने वाली छात्राओं को मिलेगा। संबंधित विश्वविद्यालय या महाविद्यालय की मेधा सूची में शीर्ष पांच प्रतिशत स्थान पाने वाली छात्राएं पात्र होंगी।
छात्रा का उत्तर प्रदेश का स्थायी निवासी होना और परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से अधिक न होना भी जरूरी है। शहीदों की बेटियों, निराश्रित और दिव्यांग छात्राओं को मेधा सूची की शर्त में विशेष छूट मिलेगी। सभी चयनित छात्राओं को एक ही माडल की गुलाबी स्कूटी दी जाएगी। इसके साथ पंजीकरण, बीमा, हेलमेट और पांच लीटर पेट्रोल भी मिलेगा।
यह भी पढ़ें- यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती-2025 के नॉर्मलाइज्ड मार्क्स जारी, 15 दिसंबर तक देख सकेंगे अभ्यर्थी
दरअसल, टैबलेट और स्कूटी जैसी योजनाओं के जरिये सरकार युवाओं और महिलाओं को सीधे लाभ पहुंचाने के साथ उनके बीच अपनी मौजूदगी मजबूत करना चाहती है। चुनावी राजनीति में यह वर्ग अहम है। लेकिन योजनाओं की असली सफलता केवल वितरण समारोहों से नहीं, बल्कि पात्र छात्राओं तक समय से लाभ पहुंचने से तय होगी। चुनौती यह है कि घोषणा और वितरण के बीच कोई पात्र छात्रा छूटने न पाए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।