यूपी चुनाव से पहले अपराधियों पर शिकंजा सकने की तैयारी, जिला बदर-गैंगस्टरों का रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
उत्तर प्रदेश पुलिस 2027 विधानसभा चुनाव से पहले अपराधियों पर शिकंजा कस रही है। डीजीपी मुख्यालय ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सक्रिय और फरार अपराधियों का ब्योरा मांगा है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
2027 विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस की अपराधियों पर घेराबंदी।
सक्रिय और फरार अपराधियों की हिस्ट्रीशीट तैयार की जा रही।
अवैध असलहों, मादक पदार्थों की बरामदगी का ब्योरा भी मांगा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। साल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश पुलिस ने अपराधियों की घेराबंदी की तैयारी शुरू कर दी है। चुनाव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अब केवल सक्रिय अपराधियों पर ही नहीं, बल्कि पिछले तीन वर्षों में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे और अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे आरोपितों का भी हिस्ट्रीशीट तैयार कर रही है।
डीजीपी मुख्यालय ने प्रदेश के सभी पुलिस आयुक्तों और पुलिस कप्तानों से वर्ष 2024, 2025 और 2026 के दौरान अपराधियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई का विस्तृत ब्योरा तलब किया है। इसके अलावा बीते दो बार के विधानसभा चुनाव में पाबंद किये गए ऐसे अपराधी मौजूदा समय में कहां है इसकी जानकारी देनी 15 दिसंबर तक देनी होगी।
इसका उद्देश्य चुनाव से पहले ऐसे अपराधियों की पहचान करना है, जो मतदान के दौरान भय का माहौल बनाने, मतदाताओं को प्रभावित करने अथवा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की क्षमता रखते हैं। इसके लिए विधानसभा क्षेत्रवार अपराधियों का ब्योरा जुटाया जा रहा है। खास तौर पर हिस्ट्रीशीटरों, वांछित आरोपितों, फरार अपराधियों और घोषित भगोड़ों की सूची तैयार की जा रही है।
पुलिस आयुक्तों और पुलिस कप्तानों को भेजे गए निर्देशों में तीन अलग-अलग अवधियों का रिकार्ड मांगा गया है। इसमें एक जनवरी से 31 दिसंबर 2024, एक जनवरी से 31 दिसंबर 2025 और एक जनवरी से 15 अक्टूबर 2026 तक की जानकारी शामिल है।
पुलिस को यह भी बताना होगा कि कितने अपराधियों को गिरफ्तार किया गया और कितने अब भी फरार हैं। कितने आरोपितों के विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट और समन लंबित हैं, कितनों को जिला बदर किया गया तथा कितने अपराधियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हुई, इसका भी ब्योरा देना होगा।
अवैध असलहों और नशे के कारोबार पर भी नजर
पुलिस मुख्यालय ने अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई के साथ बरामदगी का ब्योरा भी मांगा है। पिछले तीन वर्षों में अवैध असलहों, नकदी, मादक पदार्थों और अवैध शराब की बरामदगी का वर्षवार और विधानसभा क्षेत्रवार विवरण देना होगा।
यह भी पढ़ें- हरदोई: समय पर वोटर ID पहुंचाने के लिए डाक विभाग की स्पेशल व्यवस्था, 8 दिन में बांटे 15218 कार्ड
इसके अलावा शस्त्र लाइसेंस धारकों, गन हाउस और जमा कराए गए लाइसेंसी असलहों की संख्या भी जुटाई जा रही है। इससे चुनाव के दौरान अवैध हथियारों और नकदी के इस्तेमाल की आशंका वाले क्षेत्रों को चिह्नित करने में मदद मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।