विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली से छठ तक चाक-चौबंद सुरक्षा: यूपी के 45 जिलों को मिली 34 कंपनी PAC, संवेदनशील इलाकों पर रहेगी खास नजर

Published: Sat, 07 Nov 2026 11:05 PM (GMT+05:30)

उत्तर प्रदेश पुलिस ने दीपावली से छठ पर्व तक शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. 45 जिलों में 34 कंपनी पीएसी बल की तैनाती।

  2. संवेदनशील क्षेत्रों, बाजारों, घाटों पर विशेष सुरक्षा प्रबंध।

  3. भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई पर जोर।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैयादूज और छठ पर्व पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस ने तैयारियां की हैं। वर्ष 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले त्योहारों के दौरान सुरक्षा प्रबंधन पुलिस के लिए चुनौती है।

इसे देखते हुए प्रदेश के 45 विभिन्न कमिश्नरेट, जिलों और जीआरपी थानों के लिए 34 कंपनी एक प्लाटून पीएसी भी आवंटित की गई है। अतिरिक्त बल की तैनाती से प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों, पूजा पंडालों, घाटों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी।

पीएसी की तैनाती के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित फुट पेट्रोलिंग और यूपी-112 पुलिस के लगातार भ्रमणशील रहने के लिए चार शिफ्ट में व्यवस्था की गई है। लखनऊ, अयोध्या और अलीगढ़ को दो-दो कंपनी पीएसी आवंटित की गई हैं। कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बरेली, मुरादाबाद, गोरखपुर, आजमगढ़ और मऊ को एक-एक कंपनी दी गई है।

प्लाटून की गईं आवंटित

आगरा कमिश्नरेट और सहारनपुर को एक-एक प्लाटून आवंटित की गई है। मथुरा, वाराणसी और गोरखपुर में फ्लड रेस्क्यू बल भी लगाया गया है। मऊ को एक कंपनी के साथ दो प्लाटून तथा मीरजापुर को दो प्लाटून पीएसी दी गई है।

अयोध्या में दीपोत्सव-2026 के लिए विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। चित्रकूट में दीपावली अमावस्या पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए तीन कंपनी दो प्लाटून पीएसी लगाई गई है। इसमें दो प्लाटून फ्लड रेस्क्यू के लिए हैं। इसके साथ दो पुलिस उपाधीक्षक, चार यातायात उपनिरीक्षक, 40 यातायात मुख्य आरक्षी व आरक्षी, एक बीडीएस टीम, दो एएस चेक टीमें और एसडीआरएफ की एक टीम तैनात की गई है।

सुरक्षा तैयारियों के तहत स्थानीय अभिसूचना तंत्र को सक्रिय रखने और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। इंटरनेट मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ संदेशों की निगरानी के साथ किसी भी संदिग्ध सूचना का तत्काल सत्यापन करने को कहा गया है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ : 10 साल से फरार 50000 का इनामी शेखर गुरुग्राम से गिरफ्तार, STF ने पीजी हॉस्टल से दबोचा

पुलिस अधिकारियों को आवंटित बल का आवश्यकता के अनुरूप उपयोग करने और लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश हैं। त्योहारों के दौरान पुलिस की प्राथमिकता भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और किसी भी अप्रिय घटना पर त्वरित कार्रवाई रहेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।