लखनऊ : 10 साल से फरार 50000 का इनामी शेखर गुरुग्राम से गिरफ्तार, STF ने पीजी हॉस्टल से दबोचा
एसटीएफ ने प्रयागराज के झूंसी थाने में धोखाधड़ी के मामले में दस साल से फरार 50 हजार के इनामी शेखर सिंह को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
50 हजार का इनामी शेखर सिंह गुरुग्राम से गिरफ्तार।
प्रयागराज के झूंसी थाने में धोखाधड़ी का मामला।
फर्जी दस्तावेजों से चचेरे भाई के खाते से निकाले रुपये।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रयागराज के झूंसी थाने में धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए जालसाजी के मामले में दस वर्षों से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी शेखर सिंह को एसटीएफ ने हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है।
आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए पीजी हास्टल में रह रहा था और एक निजी कंपनी में नौकरी कर रहा था। एसटीएफ ने उसे शुक्रवार शाम सेक्टर-17/18 क्षेत्र के सुखराली स्थित सत्यम पीजी हास्टल से गिरफ्तार किया।
शेखर सिंह मूलरूप से बलिया के बांसडीह रोड क्षेत्र के दवनी गांव का निवासी है। उसके विरुद्ध झूंसी थाने में वर्ष 2016 में धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और उनका इस्तेमाल करने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था।
क्या लगाए आरोप?
आरोप है कि उसने अपने चचेरे भाई उमेश कुमार सिंह के बैंक खाते से फर्जी पहचान पत्रों के आधार पर रुपये निकाल लिए थे। शेयर बाजार में निवेश से जुड़े लेनदेन के दौरान इस धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया था।
मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही वह लगातार फरार चल रहा था। एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई उसकी तलाश में जुटी थी। गोपनीय सूचना मिलने पर टीम ने गुरुग्राम में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह गुरुग्राम की यूके स्टडी इन कंपनी में नौकरी करता था।
यह भी पढ़ें- अखिलेश के अयोध्या दौरे की बात पर यूपी की सियासत गरमाई, पंकज चौधरी बोले- चुनाव आते ही क्यों आई रामलला की याद?
इस कंपनी की नोएडा शाखा में भी करीब दो वर्ष तक काम कर चुका था। गिरफ्तारी पर इनाम घोषित होने की जानकारी मिलने के बाद वह छिपकर रहने लगा था। एसटीएफ ने उसे झूंसी पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।