अखिलेश के अयोध्या दौरे की बात पर यूपी की सियासत गरमाई, पंकज चौधरी बोले- चुनाव आते ही क्यों आई रामलला की याद?
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या में रामलला के दर्शन की चर्चाओं पर भाजपा ने सवाल उठाए हैं। भाजपा प्रदेश ...और पढ़ें

HighLights
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर भाजपा ने चुनावी रणनीति पर सवाल उठाए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अखिलेश की आस्था पर प्रश्नचिह्न लगाया।
सोनिया गांधी के बाबरी विध्वंस बयान पर भी भाजपा ने निशाना साधा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने की चर्चाओं को लेकर राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे और सोनिया गांधी के विवादित ढांचा विध्वंस पर दिए गए बयान को लेकर हमला बोला है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आखिर चुनाव से ठीक पहले ही रामलला की याद क्यों आई? क्या अब आस्था भी चुनावी रणनीति का हिस्सा बन गई है? उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने गांधी परिवार पर निशाना साधा है। वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा प्रमुख द्वारा खुद अयोध्या जाने की अधिकृत घोषणा करने के बाद सवाल पूछने की बात कही है।
पंकज चौधरी ने शनिवार को कहा कि विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही अखिलेश यादव को रामलला के दर्शन की याद आने लगी है। जो नेता अब तक राम मंदिर और सनातन धर्म को लेकर सवालों के घेरे में रहे, उन्हें अब अयोध्या जाकर दर्शन करने की जरूरत महसूस हो रही है।
'राजनीतिक रुख पर भी देना चाहिए जवाब'
अखिलेश यादव को निश्चित रूप से रामलला के दर्शन करने चाहिए, लेकिन सनातन धर्म और हिंदू आस्था को लेकर उनके पुराने बयानों और राजनीतिक रुख पर भी उन्हें जवाब देना चाहिए। केवल चुनाव के समय मंदिर जाना और बाकी समय सनातन पर सवाल उठाना, जनता के बीच स्वाभाविक रूप से सवाल खड़े करता है।
सोनिया गांधी के बयान पर कहा कि कांग्रेस नेता सोनिया गांधी बाबरी विध्वंस की घटना को फिर से राजनीतिक चर्चा में ला रही हैं। बाबरी विवाद पर देश की सर्वोच्च अदालत का फैसला आ चुका है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन चुका है और रामलला विराजमान हैं। देश इस विवाद से आगे बढ़ चुका है, लेकिन कांग्रेस एक बार फिर पुराने मुद्दे को चर्चा में लाने की कोशिश कर रही है।
देश की जनता सब देख रही है। उसे पुराने विवादों पर राजनीतिक बयानबाजी नहीं, बल्कि विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए ठोस काम चाहिए। वहीं, विनोद तावड़े ने एक्स पर लिखा, राहुल गांधी या उनके परिवार के कोई सदस्य अब तक अयोध्या में रामलला के दर्शन करने इसलिए नहीं गया, क्योंकि इनके परिवार का दिल बाबर जैसे आक्रांताओं के लिए धड़कता है।
बाबरी मस्जिद के लिए आंसू बहाने वालों का सिलेक्टिव सेकुलरिज्म तब कहां चला जाता है, जब हिंदु समाज की धार्मिक भावनाओं का अपमान किया जाता है।
यह भी पढ़ें- धनतेरस पर LDA का तोहफा: लखनऊ के नैमिष नगर और वरुण विहार योजना में 860 लोगों को मिले प्लॉट
वहीं उपमुख्यमंत्री मौर्य ने एक्स पर लिखा, सपा बहादुर अखिलेश यादव के अयोध्या जाकर प्रभु श्रीरामलला के दर्शन करने की चर्चाओं को लेकर लोग लगातार मेरी प्रतिक्रिया जानना चाह रहे हैं? जिस दिन अखिलेश यादव स्वयं अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से पुष्टि करेंगे कि वे अयोध्या जाकर प्रभु श्रीरामलला के दर्शन करेंगे, उस दिन उनसे सवाल अवश्य पूछूंगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।